विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण: राज्यपाल

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

नागपुर /शिमला।कविन्द्र गुप्ता ने नागपुर स्थित महर्षि व्यास सभागार में आयोजित भारतीय युवा संसद के राष्ट्रीय सत्र को संबोधित करते हुए युवाओं से मातृभाषा पर गर्व करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

 

यह कार्यक्रम भारतीय युवा संसद-मीडिया फाउंडेशन और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से लगभग 600 युवाओं ने भाग लिया और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर लोकतांत्रिक विचार-विमर्श किया।

 

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राष्ट्र की भाषा उसकी आत्मा, स्मृति और पहचान होती है। उन्होंने युवाओं में मातृभाषा के प्रति बढ़ती झिझक पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अंग्रेजी सीखना आवश्यक है, लेकिन अपनी भाषा की कीमत पर नहीं। उन्होंने कहा कि मातृभाषा में सोचने वाला युवा अधिक रचनात्मक और आत्मविश्वासी होता है।

 

उन्होंने नरेंद्र मोदी द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंचों—जैसे संयुक्त राष्ट्र और जी-20—पर हिंदी के प्रयोग को सांस्कृतिक आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में हिंदी में दिए गए संबोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी भाषा में भी अत्याधुनिक विषयों पर नेतृत्व कर सकता है।

 

राज्यपाल ने भारत की भाषाई विविधता—कश्मीरी, डोगरी, पहाड़ी, तमिल, तेलुगु, बांग्ला, मराठी, गुजराती और संस्कृत—पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की सजीव अभिव्यक्ति बताया।
उन्होंने युवाओं से ‘पंच परिवर्तन’—स्वबोध, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों—को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

 

‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिबद्धता पर निर्भर करेगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं को राष्ट्र निर्माण का सक्रिय भागीदार बनाने की अपील की।

इस अवसर पर राहुल नार्वेकर, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी, प्रो. मदन मोहन झा, प्रो. आर.जी. मुरली कृष्णा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इससे पूर्व राज्यपाल ने नागपुर स्थित स्मृति भूमि में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और माधव सदाशिव गोलवलकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

📲 हमसे जुड़ने के लिए: पर Subscribe करें | Facebook पेज Like करें | Twitter पर Follow करें
📧 Email: aadarshhimachal@gmail.com
📱 WhatsApp:9857537874 संपर्क करें

 

📢 #IndianYouthParliament #Nagpur #LanguagePride #ViksitBharat2047 #YouthPower #NewIndia #Education #AdarshHimachal #BreakingNews #HimachalNews