आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों में हुई व्यापक बारिश से जल जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। अनेक स्थानों पर बादल फटने और भूस्खलन से यातायात बाधित हुआ है, वहीं पब्लिक और सरकारी सम्पति को भारी नुकसान पहुंचा है। भूस्खलन और मलवा गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रदेश में 272 सड़कें बंद पड़ी है, जिसका असर सेब की ढुलाई पर भी पड़ा है। कांगडा, मंडी, कुल्लू और उना में कल से ही मुसलाधार बारिश हो रही है। उंचे पहाड़ों पर बादल फटने और बारिश से सतलुज, व्यास और अन्य सहायक नदियां उफान पर है।
कुल्लू जिले के भूंतर की गड़सा घाटी की ऊंची पहाड़ी में बादल फटने से गड़सा घाटी के देवता शाट निहारगड़ू देवता प्रसिद्व तीर्थ स्थान क्षतिग्रस्त हो गए है। बाढ़ में एक गाडी, पांच लाख से बनी पुलिया सहित कई घराट भी बह गए। भारी गाद के चलते तीर्थ स्थान पर देवता के तमाम चिन्ह बह गए है। यह मंदिर हजारों लोगों की आस्था का प्रतीक है। 20 भादो पर हर साल यहां हजारों लोग पवित्र स्नान करते थे। लेकिन भारी बारिश के चलते आज वन संपदा और आसपास की जमीनों को भारी नुकसान पहुंचा है। गड़सा से दो किलोमीटर दूर तक सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। जिला प्रशासन ने लोगों को नदी नालों से दूर रहने की सलाह दी है।
चंबा जिले के सलूणी में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए है। 13050 फुट की उंचाई पर स्थित रोहतांग पास पर बर्फ गिरने से तापमान ठण्डा हो गया है। पठानकोट-मंडी एनएच भाली में चट्टान गिरने से बंद है। चंडीगढ़-मंडी कुल्लू मार्ग मलवा गिरने से कई स्थानों पर अवरूद्ध हो गया हैं। हिमाचल में भूस्खलन और भारी बारिश से 272 सड़कें बंद पड़ी है। जिसमें मंडी जोन में 177, शिमला में 27, कांगड़ा में 49 और हमीरपुर में 197 सड़कें बंद हैं। प्रदेश के एक सरकारी प्रवक्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 178 प्रभावित सड़कों को आज शाम तक बहाल कर दिया जाएगा।
बीते 24 घंटों में कांगडा जिले के नूरपुर में सबसे अधिक 133 मिमी, बंगाणा में 110, बैजनाथ 95, नगरोटा सूरियां 94, गगल 88, मंडी 77, धर्मशाला 75, पालमपुर 73, जोगिंद्रनगर 66, नादौन 57, खिरी और गोहर में 56, सराहन 55, डलहौजी, सुजानपुर और गुलेर में 52, कुमारसैन 30, पंडोह और सिओबाग 27, नारकंडा और सुंदरनगर 26, मनाली 25, इसके इलावा राजधानी सहित अन्य सभी स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहा, जो रूक रूक कर आज भी जारी है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डाॅ मनमोहन सिंह ने ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई है। पूरे सप्ताह में अच्छी बारिश हुई है। 63 फीसदी रही है। जहां तक प्रदेश में सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश हुई है। लेकिन इसकी सामान्य माना जाएगा। 28 अगस्त से तीन सिंतबर तक मानसून एक्टिव रहेगा, इस दौरान मौसम विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। उन्होंने बताया कि सितंबर माह के दूसरे सप्ताह में मानसून में कमी आएगी। लेकिन अगर कोई वेस्टर्न डिस्टरवैंस आएगा तो बारिश हो सकती है। शिमला में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री, सुंदरनगर में 29.7, भुंतर 28.4, कल्पा 22.0, धर्मशाला 26.4, उना में 34.4, नाहन 27.7, सोलन 29.2, कांगडा 29.3, बिलासपुर 32.0, हमीरपुर 31.8, चंबा 27.6, डलहौजी 17.8 और केलांग में 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा।