विकसित भारत के लिए महिला नेतृत्व वाले विकास को केंद्रीय स्थान: लोकसभा अध्यक्ष

0
20

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

तिरुपति| महिला सशक्तिकरण पर संसदीय और विधानमंडलीय समितियों का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन तिरुपति में संपन्न हुआ। जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए ‘तिरुपति संकल्प’ को सर्वसम्मति से अंगीकृत किया। ओम बिरला ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल सामाजिक आवश्यकता नहीं बल्कि आर्थिक विकास की आधारशिला है। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल और उद्यमिता में निवेश को मानव पूंजी का विस्तार कर विकसित भारत की दिशा में एक सशक्त मॉडल बताया और उन्होंने लैंगिक उत्तरदायी बजटिंग को राष्ट्रीय विकास के लिए जरूरी बताते हुए इसे सामाजिक न्याय का साधन करार दिया।

इस दौरान सम्मेलन में डिजिटल युग में महिलाओं को पीछे न छोड़ने और डिजिटल साक्षरता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया और साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने और महिलाओं को तकनीक के सक्रिय सर्जक बनाने के लिए समर्पित डिजिटल साक्षरता मिशनों की घोषणा की गई। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने समापन सत्र को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने समर्थन का संकल्प जताया। ‘तिरुपति संकल्प’ में सभी मंत्रालयों और विभागों में लैंगिक दृष्टिकोण अपनाने, महिला स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास के लिए संसाधन बढ़ाने, और डिजिटल समावेशन को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया है। इस संकल्प ने 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की केंद्रीय भूमिका को पुनः रेखांकित किया।