आदर्श हिमाणल ब्यूरों
शिमला। मॉनसून सत्र की समाप्ति के पश्चात इलैक्ट्रॉनिक मिडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि चौदहवीं विधान सभा का 12वां सत्र अपेक्षा अनुरूप पूर्ण सफलता के साथ सम्पन्न हुआ है। यह सत्र 21 अगस्त से आरम्भ हुआ तथा 03 सितम्बर, 2026 तक चला। इस सत्र में कुल 10 बैठकों का आयोजन किया गया जिसकी कार्यवाही लगभग 45घण्टे 30 मिनट तक चली। इस तरह सत्र की उत्पादकता 91 प्रतिशत रही।
सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्व0 विजयेन्द्र सिंह, राम चन्द भाटिया, ज्ञान चन्द तथा राम रत्न शर्मा के प्रति शोकोदगार प्रकट कर समूचे सदन द्वारा श्रद्वांजली अर्पित की गई। इस सत्र के दौरान कुल 786 (514 तारांकित तथा 272 अतारांकित) प्रश्नों की सूचनाओं पर सरकार द्वारा उत्तर उपलब्ध करवाए गए।
पठानियां ने कहा कि सत्र में नियम 62 के तहत 14, , नियम 101 के तहत 05 तथा नियम 130 के तहत 02 विषयों तथा नियम 324 के तहत 11 विषयों पर चर्चा की गई तथा माननीय सदस्यों ने बहुमुल्य सुझाव दिए। शून्यकाल के दौरान 34 विषयों को सदन में उठाया गया। सत्र में दिनाँक 27 अगस्त, 2026 का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित था।
उन्होने कहा कि इसके अतिरिक्त 07 सरकारी विधेयकों को सभा में पुर: स्थापित एंव चर्चा उपरान्त पारित किया गया। सदन में समितियों के 44 प्रतिवेदन उपस्थापित किए गए। सत्र के दौरान प्रदेश के सरकारी तथा गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के लगभग 1908 बच्चों ने सदन की कार्यवाही को देखा है जो आज के युवा की लोकतान्त्रिक प्रणाली के प्रति श्रद्वा व उत्सुकता को दर्शाता है।
पठानियां ने कहा कि पिछले सत्र में 16 बैठकों का आयोजन किया गया था जिसकी कार्यवाही लगभग 84 घण्टे 49 मिनट चली थी व उसकी उत्पादकता 103 प्रतिशत रही थी तथा उस सत्र में 617 सूचनाएं माननीय सदस्यों से प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई थी।
उन्होने सहयोग के लिए पक्ष तथा विपक्ष के सदस्यों का धन्यवाद किया जिस वजह से वह सत्र का सुचारू रूप से संचालन कर सके। इस अवसर पर उन्होने सदन के नेता ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर तथा संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा सभापति तालिका के सभी सदस्यों का भी धन्यवाद किया।
पठानियां ने विधान सभा सचिव, जिला प्रशासन के अधिकारियों / कर्मचारियों, राज्य सरकार के अधिकारियों/कर्मचारियों तथा विधान सभा सचिवालय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया जिन्होने इस सत्र के लिए दिन-रात कार्य कर इस सत्र से सम्बन्धित कार्य को समयवद्व तरीके से निपटाने में पूर्ण सहयोग दिया। उन्होने प्रिंट एवं इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी पत्रकार मित्रों का भी धन्यवाद किया जिन्होने विधान सभा की कार्यवाही को प्रदेश के जन-जन तक पहुँचाने में अत्यन्त महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पठानियां ने इस अवसर पर सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी तथा आने वाले शारदीय नवरात्रो की अग्रिम बधाई व शुभकामनाएं भी दी।











