33 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के 350 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, आयोजन से उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच — रितिन खन्ना

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

जालंधर/शिमला । पंजाब में बैडमिंटन को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है, क्योंकि राज्य 40 साल बाद राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। बैडमिंटन  एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया (बीएआई) ने 38वीं सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप पंजाब को सौंपी है।

जानकारी देते हुए पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के  सचिव रितिन खन्ना ने बताया कि यह चैंपियनशिप 9 से 12 दिसंबर 2026 तक रायज़ादा  हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम,जालंधर में आयोजित होगी। इसमें 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 350 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पंजाब में पिछली बार राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 1987 में जालंधर में ही आयोजित हुई थी।

खन्ना ने बताया कि पीबीए लगातार बीएआई के संपर्क में था और स्टेडियम की बेहतर सुविधाओं का निरीक्षण करने के बाद ही मेजबानी का अधिकार दिया गया। उन्होंने कहा कि विजेताओं को कुल 10 लाख रूपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इस चैंपियनशिप में अंडर-13 लड़के और लड़कियों के सिंगल्स और डबल्स मुकाबले होंगे, जो बीएआई अधिकारियों की निगरानी में कराए जाएंगे। खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और अधिकारियों के रहने और खाने की व्यवस्था पीबीए द्वारा की जाएगी।

खन्ना ने कहा कि इस आयोजन से राज्य के उभरते खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को देखने और उनके साथ खेलने का अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में पिछले पांच वर्षों में 1 करोड़ रूपए की लागत से बड़ा सुधार किया गया है। अब यहां 10 कोर्ट, जिम, रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स शॉप और फिजियोथेरेपी सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध हैं।पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी स्टेडियम का दौरा कर चुके हैं और उन्होंने डीबीए, जालंधर की अंतरिम कमेटी के काम की सराहना की थी।

 

#SportsEvent #IndiaSports #YoungPlayers #PunjabSports #RitinKhanna #NationalLevel #AdarshHimachal #SportsNews #EmergingTalent #BreakingNews