59 चीनी ऍप्स पर प्रतिबंध मोदी सरकार का राष्ट्रवादी कदम- सुमीत शर्मा

कहा...पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना से प्रदेश के 6 लाख लोग होंगे लाभार्थी

सत्यदेव शर्मा 
मैहतपुर (ऊना)। प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी सुमीत शर्मा ने मोदी सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवम निजता के हनन को आधार मानकर 59 चीनी एप्लीकेशन पर प्रतिबंध लगाने के निर्णय को गलवां वैली में शहीद सैनिकों के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि बताया है। उन्होंने बताया कि चीन न सिर्फ अंतरराष्ट्रीय सीमा एलएसी पर षड़यंत्रकारी व बलपूर्वक चालें चल रहा है बल्कि भारत  में साइबर के माध्यम से देश की 70 फ़ीसदी से अधिक आबादी पर उनकी निजता में घुसपैठ करने में अभी तक सफल हो चुका है। इस प्रतिबंध के लगने से राष्ट्र को स्वावलंबन व आत्मनिर्भर बनने में बल मिलेगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से विशेषकर व्यापारी, उपभोक्ता और युवाओं से चीन के सामान का बहिष्कार करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्रतिबंध लगने से पूर्व चीनी एप्प से चीन को भारत से 43 फीसदी का राजस्व मिलता था।चीन इसी पैसे का उपयोग भारत के खिलाफ षडयंत्र रचने में खर्च कर रहा था। सुमीत ने भविष्य में देश के युवाओं, उद्योगपति और वैज्ञानिकों को अपनी लोकल तकनीक और अनुसंधान के आधार पर भारत में ही ऐसे एप्स का निर्माण करने को तरजीह देने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कोरोना के इस आपदा काल में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को आगामी पांच महीनों तक बढ़ाने को एक सराहनीय कदम करार दिया है।
   उन्होंने बताया कि इस योजना के लागू होने से देश के 80 करोड़ लोगों को प्रति व्यक्ति पांच किलो चावल और एक किलो चने की दाल मुफ्त में उपलब्ध होगी। वही इस योजना से प्रदेश के 6 लाख गरीब लोगों को भी इस योजना का नवंबर माह तक लाभ मिलेगा। यही नहीं पूर्व में भी आत्म निर्भर भारत अभियान के तहत मोदी सरकार ने अप्रैल से जून महीने तक इसी तरह 80 करोड़ लोगों को राशन मुहैया करवाया था।केंद्र की मोदी सरकार इस महत्वकांक्षी योजना पर अबतक कुल 1.5 लाख करोड़ का खर्च वहन करने जा रही है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में श्रमिकों को काम उपलब्ध करवाने के लिए 50 हजार करोड़ का खर्च किया गया है।
Ads