उखली में लोगों को दी कानूनी जानकारियां, नालसा ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं की है आरंभ

0
2

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 

हमीरपुर। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने मंगलवार को ग्राम पंचायत उखली में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव अनीष कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता योजना, नालसा की अन्य योजनाओं, मोटर वाहन अधिनियम और कई अन्य महत्वपूर्ण अधिनियमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।  उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ की हैं। मुफ्त कानूनी सहायता योजना इनमें सबसे महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़े:-खेलो इंडिया पैरा गेम्स से भारत को 2030 तक एशियाई पैरा खेलों में मिलेगी 200 से अधिक पदक जीतने में मदद – अनुराग ठाकुर

उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अदालत में लंबित मामलों का निपटारा लोक अदालतों और आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर भी किया जा सकता है। इससे दोनों पक्षों के समय और धन की बचत होती है।