कृषक विकास संघ के किसानों ने सीखी परियोजना प्रबंधन की बारीकियाँ

0
20

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

मंडी| कृषि विभाग के कृषक प्रशिक्षण केंद्र, सुंदरनगर में जिला मंडी के विभिन्न 13 कृषक विकास संघों से जुड़े 39 किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि परियोजनाओं के प्रभावी प्रबंधन और संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान करना था। इस प्रशिक्षण शिविर के दौरान खंड परियोजना प्रबंधन इकाई (JICA) मंडी और गोहर क्षेत्र से आए किसानों को कृषि परियोजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में मार्गदर्शन दिया गया। पीएमसी विशेषज्ञ डॉ. पी.एल. शर्मा ने कृषक विकास संघों की प्रबंधन समितियों को उप-परियोजनाओं के संचालन, रखरखाव और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

इस दौरान शिविर में किसानों को सिंचाई योजनाओं, पानी के वितरण प्रणाली, तथा सिंचाई व्यवस्था के रखरखाव के आधुनिक तरीकों के बारे में भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त, अभिलेखों के रखरखाव, संघों के बैंक खातों के संचालन तथा उप-परियोजनाओं की देखरेख हेतु जिम्मेदारियों के बंटवारे जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों को सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर कृषि प्रबंधन की दिशा में प्रेरित करना रहा, ताकि वे अपनी कृषि परियोजनाओं को दीर्घकालिक रूप से सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।