आदर्श हिमाचल ब्यूरों
कांगड़ा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने थुरल कस्बे के बछवाई गांव में हाल ही में हुए भू-स्खलन के बाद भारतीय सेना, कांगड़ा जिला प्रशासन और स्थानीय निवासियों द्वारा किए गए राहत और बचाव कार्यों की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि फंसे हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में क्षतिग्रस्त घरों से 13 प्रभावित परिवारों को सुरक्षित निकालना उल्लेखनीय प्रयास है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेना और जिला प्रशासन ने न केवल लोगों की जान माल की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि प्रभावित परिवारों में सेना के प्रति विश्वास भी मजबूत किया है।