आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्ष की गौरवपूर्ण यात्रा पर शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि आरएसएस ने एक सदी पूर्व राष्ट्रभक्ति, सेवा और संगठन के विचार से देश में देशभक्ति की अलख जगाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार, समाज सेवा, आपदा प्रबंधन, ग्राम विकास एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में संघ का योगदान प्रेरणादायक और अनुकरणीय रहा है।
इस दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश को एकजुट करने के साथ साथ हर वर्ग और पीढ़ी को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया है और शताब्दी वर्ष पर उन्होंने संघ के सभी स्वयंसेवकों को उनके समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए कोटि-कोटि नमन किया। दुर्गा नवमी के पावन अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर के साथ आधिकारिक आवास पर कन्या पूजन किया और कन्याओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।