अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड को स्थायी स्वरूप देने की घोषणा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार

0
105

 

आदर्श हिमाचल बृयूरों

शिमला।हिमाचल प्रदेश राज्य भूतपूर्व अर्धसैनिक वेलफेयर एवं कोऑर्डिनेशन एसोसिएशन तथा अखिल भारतीय पूर्व अर्धसैनिक कल्याण एवं समन्वय संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से हिमाचल प्रदेश सचिवालय में भेंट की। यह भेंट प्रदेश के कर्मचारियों की बैठक के दौरान आत्मा राम शर्मा के नेतृत्व में हुई।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सेवानिवृत्त DIG एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. शर्मा तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष नंद लाल नेहर्टू ने किया। प्रतिनिधिमंडल में वीर सिंह वर्मा, चेत राम, सुरेश कलसाईक, मोहन लाल, रूप लाल ठाकुर, पूर्ण चंद, लक्ष्मी चंद तथा नंद लाल हिमालवी शामिल रहे।

भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदेश में गठित अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड को वर्तमान तीन वर्ष की अवधि तक सीमित न रखते हुए इसे स्थायी स्वरूप प्रदान करने का आग्रह रखा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन संबंधी आदेशों में आवश्यक संशोधन कर इसे स्थायी स्वरूप प्रदान करने की दिशा में निर्णय की घोषणा की।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वागत करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा हिमाचल प्रदेश सरकार का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। एसोसिएशन ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश में सेवारत एवं सेवानिवृत्त अर्धसैनिक बलों के जवानों तथा उनके परिवारों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड में सेवानिवृत्त अर्धसैनिक कर्मियों को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान करने का भी आग्रह किया। एसोसिएशन का कहना है कि पूर्व अर्धसैनिक कर्मियों के प्रतिनिधियों की बोर्ड में भागीदारी से उनकी समस्याओं, मांगों और आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।

इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से प्रतिनिधित्व के लिए वी. के. शर्मा, सेवानिवृत्त DIG, नंद लाल नेहर्टू तथा बलदेव राणा के नामों पर विचार करने का अनुरोध किया गया।

हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व अर्धसैनिक वेलफेयर एवं कोऑर्डिनेशन एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय अर्धसैनिक कर्मियों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए एक प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था का आधार बनेगा। एसोसिएशन ने यह भी आशा व्यक्त की कि देश के अन्य राज्य भी अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए इसी प्रकार की पहल करेंगे।

एसोसिएशन ने पुनः मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।