ऊना में 16 किसानों से खरीदी 80 क्विंटल प्राकृतिक खेती से तैयार मक्की

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

ऊना। प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में ऊना के रामपुर और टकारला अनाज मंड़ियों में हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी गई, यह प्रक्रिया कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत नागरिक आपूर्ति निगम के सहयोग से शुरू की गई है। पहले दिन ऊना के 16 किसानों से लगभग 80 क्विंटल मक्की खरीदी गई। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि किसानों को उनकी फसल की रसीदें प्रदान की गई हैं और भुगतान की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित है, बल्कि मिट्टी की गुणवत्ता भी बनाए रखती है और खेती की लागत न्यूनतम होने से किसानों की आय में वृद्धि होती है।

इस दौरान आत्मा परियोजना ऊना की निदेशक प्यारो देवी ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की के लिए 40 रुपये प्रति किलोग्राम का समर्थन मूल्य तय किया है, और साथ ही 2 रुपये प्रति किलोग्राम भाड़ा भी दिया जाएगा। इच्छुक किसान मक्की को साफ और सुखाकर एक सप्ताह के भीतर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रामपुर और टकारला स्थित गोदामों में बेच सकते हैं, किसान इस पहल से उत्साहित हैं। सासन गांव के प्रगतिशील किसान ओंकार ने कहा कि अब उन्हें उनकी उपज के उचित दाम मिल रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है। बीनेवाल के गुरदीप सिंह, बरनोह के दौलत राम और हरोली की पूनम ने बताया कि रासायनिक खाद से तैयार मक्की पहले 23 रुपये प्रति किलोग्राम बिकती थी, जबकि अब प्राकृतिक मक्की 40 रुपये प्रति किलोग्राम में बिक रही है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक प्यारो देवी, क्षेत्रीय प्रबंधक नागरिक आपूर्ति रीटा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।