किन्नौर में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, जगत सिंह नेगी ने ली परेड की सलामी

0
6

 

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

किन्नौर। महात्मा गांधी पार्क में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने जिला किन्नौरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

 

समारोह को संबोधित करते हुए श्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने लोगों से भारतीय संविधान का पालन करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ जनजातीय जिलों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में कक्षा प्रथम से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा शुरू की गई है तथा सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से जोड़ने की दिशा में कार्य प्रगति पर है।

 

मंत्री ने बताया कि किन्नौर के भावानगर, सांगला, रिकांग पिओ और कानम के विद्यालयों को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि एकलव्य आदर्श विद्यालय निचार में मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जा रही है। इसके अतिरिक्त 2 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित कन्या छात्रावास का लोकार्पण भी किया गया है।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

 

जनजातीय विकास के संबंध में उन्होंने बताया कि शिपकी ला से व्यापार को सुदृढ़ करने के लिए 1 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से छुपपन ट्रेड मार्ट की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा को शिपकी ला दर्रे से आयोजित करवाने के लिए मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के समक्ष लगातार मांग उठा रहे हैं। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि पलायन की समस्या को कम किया जा सके तथा स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों को घर-द्वार पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध हों।

 

बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। छोटे एवं सीमांत बागवानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने के लिए टापरी मार्केट यार्ड के विस्तार का कार्य शीघ्र किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूह उपमंडल की जंगी ग्राम पंचायत के रेताखान में सब्जी मंडी का शिलान्यास 16 अगस्त को किया जाएगा।

 

समारोह में पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई। इसमें आईटीबीपी, पुलिस एवं महिला पुलिस बल, पुरुष एवं महिला होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, गृह रक्षा बैंड तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी के बैंड ने भाग लिया।

 

इस अवसर पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। केंद्रीय विद्यालय रिकांग पिओ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी, डीएवी रिकांग पिओ, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ, राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ, पाइनवुड पब्लिक स्कूल रिकांग पिओ, जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांग पिओ, गंगा राम एवं उनकी रोलर स्केटिंग टीम तथा महादेव खेल एवं सांस्कृतिक क्लब पवारी के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

 

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों, प्रेरणास्रोत व्यक्तियों, परेड में भाग लेने वाले जवानों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर सुशीला नेगी, किनफेड अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष सरोज नेगी, राज्य सहकारी बैंक निदेशक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, अधिवक्ता एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव निर्मल चंद्र नेगी, उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा,  शिवानी शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, वनमंडलाधिकारी अरविंद कुमार, एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज, सहायक आयुक्त विपिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।