शिमला ने राष्ट्रीय अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक महोत्सव “रंगरेज़- 2025” में स्टेज-प्ले श्रेणी में हासिल किया द्वितीय स्थान

0
44

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । पंजाब के राजपुरा स्थित चितकारा विश्वविद्यालय में 15–16 नवंबर 2025 को आयोजित राष्ट्रीय अंतर-महाविद्यालय सांस्कृतिक महोत्सव “रंगरेज़ 2025” में देशभर के 32 संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस बहुरंगी आयोजन में राजीव गांधी महाविद्यालय, चौड़ा मैदान, शिमला की नाट्य टीम ने अपने सशक्त प्रदर्शन के बल पर स्टेज-प्ले प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

 

इस वर्ष महाविद्यालय की नाटक टीम के नाटक का नाम “चिटृा” था, जिसके माध्यम से युवाओं में फैल रहे सिंथेटिक-ड्रग दुरुपयोग के गंभीर मुद्दे को उजागर किया गया। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय की टीम ने प्रभावशाली अभिनय और संवेदनशील प्रस्तुति से दर्शकों एवं निर्णायकों पर विशेष प्रभाव छोड़ा।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर गोपाल चौहान ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय के छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए हम सदा तत्पर रहते हैं |उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक ,बौद्धिक तथा नैतिक विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं|
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने न केवल महाविद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि युवा पीढ़ी तक एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश पहुँचाने में भी सार्थक भूमिका निभाई है।|

नाटक का निर्देशन प्रतिष्ठित रंगमंच निर्देशक केदार ठाकुर द्वारा किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने न केवल दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। महाविद्यालय की नाट्य टीम की समन्वयक डॉ. स्नेह ने टीम के निरंतर अभ्यास, अनुशासन और सामाजिक विषय पर उनकी संवेदनशील समझ की सराहना की।