बंजार-सोझा सड़क हादसा: 3 की मौत, घायलों को प्रशासन की ओर से त्वरित राहत

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

कुल्लू । अनुराग चंद्र शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सायं बंजार-सोझा मार्ग पर एक टेंपो ट्रेवलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस वाहन में चालक सहित कुल 23 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही बंजार से राहत एवं बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

 

उन्होंने बताया कि अब तक 6 घायलों को उपमंडलाधिकारी बंजार के माध्यम से प्रति व्यक्ति 5,000 रुपये के हिसाब से कुल 30,000 रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। अन्य घायलों को भी शीघ्र राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। प्रदेश सरकार द्वारा सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।

 

उपायुक्त ने बताया कि इस दुखद हादसे में 3 लोगों की मृत्यु हुई है। इनमें से एक मृतका दीपाली के परिजनों को 25,000 रुपये की राहत राशि जारी कर दी गई है। शेष दो मृतकों के शव क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की मोर्चरी में रखे गए हैं। परिजनों द्वारा पहचान की पुष्टि के उपरांत शव सौंपे जाएंगे तथा नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।

 

जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।