लाहौल-स्पीति में 78वाँ जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह पुलिस मैदान केलांग में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

0
6

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

केलांग । जिला लाहौल-स्पीति मुख्यालय केलांग स्थित पुलिस मैदान में 78वाँ जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएँ एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंदर गोमा ने की। उन्होंने सर्वप्रथम राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स एवं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक साहिल राणा ने किया।

 

इस अवसर पर मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अप्रैल का दिन हिमाचल प्रदेश के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष 1948 में 30 छोटी-बड़ी पहाड़ी रियासतों के विलय से हिमाचल का गठन Chief Commissioner Province के रूप में हुआ। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, प्रजामंडल आंदोलन के नायकों तथा प्रदेश निर्माण में योगदान देने वाली महान विभूतियों को नमन किया।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले तीन वर्षों से “व्यवस्था परिवर्तन” के मूल मंत्र के साथ विकास और जनकल्याण के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है तथा हिमाचल को आत्मनिर्भर और देश का सबसे समृद्ध राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।

 

मंत्री ने कहा कि सरकार ने सीमित संसाधनों के बावजूद आपदा प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज प्रदान किया है तथा विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए सभी दस वादों को पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि 1 लाख 36 हजार कर्मचारियों के हित में पहली कैबिनेट बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) बहाल की गई तथा युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना शुरू की गई।

 

 

उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार के तहत पूर्ण साक्षर राज्य का लक्ष्य प्राप्त किया गया है तथा सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शिक्षा शुरू की गई है। इसके अतिरिक्त शत-प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्तियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1700 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह की गई है।

 

लाहौल-स्पीति जैसे जनजातीय जिले के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। पोषण अभियान के तहत 2025-26 में 537 लाभार्थियों को लाभ मिला है। स्पीति में तीन आयुष स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में उन्नत किया गया है तथा कई स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रगति पर है।

 

उन्होंने बताया कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत केलांग और दारचा विद्यालयों के लिए 1.32 करोड़ रुपये प्रति विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। उद्यान विभाग द्वारा 8474 फलदार पौधों का वितरण कर 197 किसानों एवं बागवानों को लाभान्वित किया गया है तथा ई-उद्यान पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सेवाएं शुरू की गई हैं।

 

विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बेटी है अनमोल योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना एवं मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत अनेक लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत अनाथ बच्चों एवं युवाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार हेतु वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। मनरेगा के तहत 57,060 श्रम दिवस सृजित किए गए तथा 88 परिवारों ने 100 दिन का रोजगार पूर्ण किया है।

 

उन्होंने बताया कि जिले में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, सिंचाई, सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। काजा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन सहित कई विकास परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
नशा निवारण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगभग 300 एनडीपीएस नाके लगाए गए, 53 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा 62 नशा निवारण समिति बैठकों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई गई है।

 

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे “चिट्टा मुक्त हिमाचल” के निर्माण में सहयोग करें और युवाओं को नशे से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी को हिमाचल दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।

 

इस अवसर पर विधायक लाहौल-स्पीति अनुराधा राणा, उपायुक्त किरण भड़ाना, पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला, जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।