5.68 करोड़ की परियोजनाओं से दुधली में बदलेगी विकास की तस्वीर: अनिरुद्ध सिंह

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 

शिमला । ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुधली में 5.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों एवं दो पंचायत सामुदायिक भवनों का शिलान्यास किया।

 

इस अवसर पर उन्होंने श्री पधाई माता को नमन करते हुए कहा कि दुधली क्षेत्र शिमला के उपनगर भराड़ी से सटा हुआ है, इसलिए यहां आवागमन को सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2.52 करोड़ रुपये की लागत से बेशक से टूड गांव तक सड़क का निर्माण किया जाएगा, जबकि भराड़ी-रगयान सड़क से कनैना तक सड़क निर्माण पर 87 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को दोनों सड़कों के टेंडर शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।

 

 

मंत्री ने बताया कि दुधली और टूड में पंचायत सामुदायिक भवनों का भी शिलान्यास किया गया है, जिन पर प्रति भवन 1.14 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इन भवनों का उपयोग ग्राम सभाओं और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।

 

कसुम्पटी में तेज़ी से हो रहा विकास

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की सभी 38 पंचायतों और 12 शहरी निकायों में समान विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 325 सड़कों में से 150 के औपचारिक कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि करीब 100 सड़कों का निर्माण पूरा कर लोकार्पण किया जा चुका है।

 

उन्होंने कहा कि ऑकलैंड टनल से कामयाना तक सड़क को चौड़ा और पक्का किया जा चुका है तथा आगे डुम्मी-शीड़ा होते हुए कडेची सड़क से जोड़ने का कार्य प्रगति पर है।महिला सशक्तिकरण और पर्यटन को बढ़ावा
मंत्री ने बताया कि महिला मंडलों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 60 फूड वैन उपलब्ध करवाई गई हैं।

 

 

उन्होंने महिला मंडलों से आह्वान किया कि वे प्राकृतिक उत्पादों और व्यंजनों के व्यवसाय के लिए आगे आएं।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कामयाना हिल टॉप पर लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें कॉटेज और टैंट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

 

बुनियादी सुविधाओं पर फोकस

 

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 40-50 बिजली ट्रांसफार्मर लगाए या अपग्रेड किए गए हैं, जिससे वोल्टेज की समस्या कम होगी। साथ ही पंचायत विकास के लिए 85 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

 

डुम्मी में बनेगा प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर

 

मंत्री ने बताया कि डुम्मी पंचायत में प्लास्टिक मैनेजमेंट सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कूड़ा इधर-उधर न फेंककर कूड़ेदान में डालें, ताकि पर्यावरण सुरक्षित रह सके।

 

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार हर पंचायत को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में भी बेहतर परिवहन सुविधा सुनिश्चित हो सके।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला मंडल एवं युवक मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।