आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल की कोट काईना पंचायत में जागा माता मंदिर के नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध है, जहां हर स्थान और तत्व में देवी-देवताओं का वास है। साथ ही यहां की संस्कृति विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहें।
क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जागा माता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 15.29 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कोट काईना पंचायत में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 6 नई सड़कों का निर्माण हुआ है, जिन पर 4.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बुशहर क्षेत्र में 18 नई सड़कों का निर्माण किया गया है।
उन्होंने बताया कि 1.56 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झड़ग का निर्माण कार्य जारी है, जबकि 2.38 करोड़ रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी के भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही मंढोल पंचायत में नाबार्ड के तहत सड़क निर्माण कार्य भी जारी है।

जुब्बल-कोटखाई में अभूतपूर्व विकास
रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले लगभग तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस दौरान 175 नई सड़कों का निर्माण किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।
उन्होंने बताया कि जुब्बल के डकैड़ गांव के पास 17 करोड़ रुपये की लागत से शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति को बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र से पढ़ाई भी शुरू हो चुकी है।
खेलों को मिल रहा बढ़ावा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 9 खेल छात्रावास संचालित हैं, जिनमें ठाकुर राम लाल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कन्या) का छात्रावास सबसे बड़ा बनकर उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि यहां वॉलीबॉल के साथ कबड्डी और बैडमिंटन को भी शामिल किया गया है तथा अब बॉक्सिंग प्रशिक्षण भी शुरू किया जाएगा। इस छात्रावास के नए भवन का निर्माण 2.27 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।इस अवसर पर हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, मंदिर कमेटी के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।











