आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन । शूलिनी विश्वविद्यालय में ‘विश्व पृथ्वी दिवस 2026’ को “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम के तहत उत्साह और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सतत विकास एवं सामुदायिक सहभागिता की निदेशक पूनम नंदा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें व्यक्तिगत व सामूहिक प्रयासों के प्रभाव को समझने के लिए प्रेरित करना था।कार्यक्रम के दौरान कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पर्यावरण जागरूकता, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जैव प्रौद्योगिकी विभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि जैव इंजीनियरिंग एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग उपविजेता रहा।
डीआईवाई प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बेकार पड़ी सामग्रियों को उपयोगी वस्तुओं में बदलकर पुनः उपयोग और जिम्मेदार उपभोग का संदेश दिया। इसमें बायोइंजीनियरिंग और खाद्य प्रौद्योगिकी संकाय विजेता रहा, जबकि विधि संकाय, योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर एवं डेटा विज्ञान तथा इंजीनियरिंग संकायों ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। बिजनेस मैनेजमेंट संकाय को विशेष प्रशंसा दी गई।
फेस पेंटिंग प्रतियोगिता में पर्यावरणीय विषयों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। इसमें भी बायोइंजीनियरिंग और खाद्य प्रौद्योगिकी संकाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।सभी प्रतियोगिताओं के समग्र प्रदर्शन के आधार पर बायोइंजीनियरिंग और खाद्य प्रौद्योगिकी संकाय को ओवरऑल विजेता घोषित किया गया, जबकि अन्य संकायों को संयुक्त उपविजेता का स्थान मिला।
इस अवसर पर पूनम नंदा ने कहा कि प्रत्येक छोटा कदम और जागरूक निर्णय पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान देता है।











