ऑपरेटर्स की मांग पर सुक्खु सरकार का बड़ा फैसला, मैनुअल फिटनेस टेस्ट जारी रहेगा

0
4

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

धर्मशाला । (ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन) मामले को लेकर बस, टैक्सी एवं ट्रक ऑपरेटर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु से कांगड़ा एयरपोर्ट पर मुलाकात की और अपनी मांगों से अवगत कराया।
यह जानकारी उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने ऑपरेटर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया है कि कांगड़ा जिले में आरटीओ तथा एमवीआई के माध्यम से फिलहाल कमर्शियल वाहनों के लिए मैनुअल फिटनेस टेस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

 

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि पहाड़ी राज्यों की व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। उन्होंने प्रदेश के भाजपा सांसदों से भी आग्रह किया कि वे ऑपरेटर्स की समस्याओं को देखते हुए इस मुद्दे की पैरवी केंद्र सरकार के समक्ष करें।

 

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा वाहनों की फिटनेस जांच को ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों (एटीएस) के माध्यम से अनिवार्य किया गया है, जिससे प्रदेश में कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आ रही हैं।

 

इस अवसर पर कांगड़ा जिला की विभिन्न ऑपरेटर्स यूनियनों के पदाधिकारी—विक्की पठानिया, करतार पठानिया, मेहर सिंह ठाकुर, मोहिंदर सिंह, संजय शर्मा, कार्तिक शर्मा, कुलजीत राणा, नीका राम, कर्मा, अशोक शर्मा तथा कपिल—उपस्थित रहे।