ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को बल, बालीवाल में बनेगा आधुनिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

0
43

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

ऊना,। हरोली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को बालीवाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शिलान्यास किया।

 

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने से आसपास के गांवों के हजारों लोगों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से निरंतर कार्य किया जा रहा है, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।

 

उन्होंने बताया कि एक समय हरोली क्षेत्र बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझता था, लेकिन आज यह क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण की मिसाल बन चुका है। सिविल अस्पताल हरोली में 100 बिस्तरों की क्षमता के साथ शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, मेडिसीन, एनेस्थीसिया, त्वचा रोग, सर्जरी और माइक्रोबायोलॉजी जैसी विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध हैं।

 

इसके साथ ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 3.69 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीटन का लोकार्पण किया गया है, जबकि 1.02 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठारबीत भी जनता को समर्पित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

 

 

उन्होंने कहा कि 1.17 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलोह का निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव रणजीत राणा, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य अशोक ठाकुर, चिकित्सा अधीक्षक ऊना डॉ. संजय मनकोटिया, अधिशाषी अभियंता बलदेव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
🔖

#Una #Haroli #MukeshAgnihotri #HimachalPradesh #HealthInfrastructure #PrimaryHealthCenter #Development #RuralHealthcare #Congress #HimachalNews #PublicHealth #HPGovt