विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने हिमाचल में एसजेवीएन की जलविद्युत परियोजनाओं का किया निरीक्षण

0
4

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

शिमला । पंकज अग्रवाल, सचिव (विद्युत), भारत सरकार ने हिमाचल प्रदेश में एसजेवीएन की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं का दौरा कर उनकी प्रगति और संचालन की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ अपर सचिव (हाइड्रो)  दिवाकर नाथ मिश्रा तथा सदस्य (हाइड्रो), केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण  मिलिंद गणेश गोखले भी उपस्थित रहे।

 

दौरे के दौरान उन्होंने 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन, 210 मेगावाट लूहरी-1 जलविद्युत परियोजना, 412 मेगावाट रामपुर जलविद्युत स्टेशन तथा 382 मेगावाट सुन्नी बांध जलविद्युत परियोजना का निरीक्षण किया।

 

इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक  भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (कार्मिक)  अजय कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त)  पार्थजीत डे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

 

नाथपा झाकड़ी परियोजना के दौरे के दौरान सचिव (विद्युत) को विद्युत उत्पादन, रखरखाव के सर्वोत्तम उपायों तथा तकनीकी व वित्तीय प्रदर्शन की जानकारी दी गई। वहीं रामपुर जलविद्युत स्टेशन में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पौधारोपण भी किया।
लूहरी-1 जलविद्युत परियोजना में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए बांध, विद्युत गृह और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल इंस्टॉलेशन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

 

सुन्नी बांध परियोजना के दौरान उन्होंने सतलुज नदी पर खैरा में निर्मित डबल-लेन स्टील ट्रस ब्रिज का उद्घाटन किया। यह पुल परियोजना कार्यों को सुगम बनाने के साथ-साथ मंडी और शिमला जिलों की दूरस्थ पंचायतों के लिए बेहतर संपर्क सुविधा प्रदान करेगा, जिससे स्थानीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

 

ऊर्जा सचिव ने एसजेवीएन टीम के समर्पण और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जलविद्युत परियोजनाएं देश के ऊर्जा क्षेत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। यह दौरा भारत सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा के विकास और जलविद्युत क्षेत्र को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
#HimachalNews #SJVN #Hydropower #RenewableEnergy #PowerSector #Shimla #Kinnaur #Rampur #SunniDam #Infrastructure #Development #IndiaEnergy #CEA #HydroProjects ⚡🌱