आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग, जिला शिमला ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का शानदार प्रदर्शन करते हुए कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विद्यालय का परिणाम आज घोषित किया गया, जिसमें सभी 74 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा तथा सभी विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। विशेष बात यह रही कि 22 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि 13 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में सेंचुरी (100 में 100 अंक) प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।

विद्यालय की छात्रा अमीषा भलूनी ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय बल्कि नवोदय विद्यालय समिति (NVS) स्तर पर राष्ट्रीय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की अन्य मेधावी छात्राओं में आरुषि ने 96.8 प्रतिशत, तमन्ना चारस ने 96.6 प्रतिशत, ममता शर्मा ने 95.4 प्रतिशत तथा अक्षरा ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रोशन लाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग से यह ऐतिहासिक परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
विद्यालय परिसर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह का माहौल है तथा विद्यार्थियों की सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी व्यक्त की जा रही है।











