आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । बलसन क्षेत्र के शीरगुली गांव में मंगलवार को भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लायक राम बकसेठ के मकान से शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते आसपास के अन्य मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
अब तक तीन मकानों के आग की चपेट में आने की सूचना है। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही समय में लपटों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, जबकि प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग को भी घटना की सूचना दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस अग्निकांड में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रभावित परिवारों की संपत्ति, घरेलू सामान तथा अन्य कीमती वस्तुएं आग में जलकर राख हो गई हैं।
घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सरकार एवं प्रशासन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।











