अनिरुद्ध सिंह ने भलावग में आयोजित सिद्ध बाबा मेले में मुख्यातिथि के रूप में की शिरकत

0
14

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला । ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की जनेड़घाट पंचायत के भलावग में आयोजित एक दिवसीय प्राचीन एवं ऐतिहासिक सिद्ध बाबा मेले में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने सिद्ध बाबा मंदिर तथा तारा माता मंदिर में पूजा अर्चना कर शीश नवाया।

 

इस अवसर पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पारंपरिक मेले हमारे जीवन में सामाजिक मेल-मिलाप के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेले स्थानीय लोगों के आपसी मेल मिलाप के साथ-साथ सामुदायिक व व्यापारिक रूप से भी लोगों की आकांक्षाओं व आवश्यकताओं को भी पूर्ण करते हैं।

 

उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि इस क्षेत्र के सभी धार्मिक व सामाजिक मेले यहां के लोगों के लिए धर्म और आस्था का प्रतीक है जिन्हें बड़ी धूमधाम से मनाया जाना चाहिए।

 

कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र की कच्ची सड़कें पक्की करने, सभी गांवों को सड़क व पेयजल उपलब्ध करवाने, कम वोल्टेज की समस्या को खत्म करने तथा पंचायत क्षेत्र के सभी विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने का कार्य किया जा रहा है।

 

स्थानीय नव निर्वाचित पंचायत प्रधान एवं उप प्रधान को बधाई देते हुए अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि जनेड़घाट पंचायत क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से इस क्षेत्र का पूर्ण विकास किया जाएगा। उन्होंने जनेडघाट से भलावग सड़क को चौड़ा व पक्का करने तथा भलावग में 63 के.वी. का ट्रांसफार्मर अपग्रेड करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में अब तक 120 सड़कों के एफआरए पूर्ण कर लिए गए है।

 

उन्होंने जनेड़घाट पंचायत की प्रधान से कहा कि वह अपने पंचायत क्षेत्र की सभी संभावित सड़कों की सूची भेजना सुनिश्चित करें ताकि उन सड़कों की एफआरए सहित सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वह भी जमीन की गिफ्ट डीड शीघ्र दे ताकि उनके गांव के लिए सड़क बनाई जा सके।

 

उन्होंने ओगली सड़क के लिए 01 लाख रुपए, जनेड़घाट सराय भवन के अतिरिक्त कार्य निर्माण के लिए 02 लाख रुपए तथा स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए 25 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा भी की।

 

मेला समिति के अध्यक्ष भीम सिंह चौहान तथा स्थानीय पंचायत प्रधान सुचिता आनंद ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए पंचायत क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मांगे उनके समक्ष रखी जिन्हें मंत्री ने चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

खुश विक्रम सिंह ने भी पूजा अर्चना कर मेले में उपस्थिति दर्ज की

कैबिनेट मंत्री के मेले में पहुंचने के कुछ समय बाद नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सिंह भी सिद्ध बाबा मंदिर पहुंचे और पूजा अर्चना कर मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज की। उन्होंने जिला परिषद सदस्य के लिए उनका समर्थन करने के लिए लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है।

मेले में कबड्डी का आयोजन

 

मेले में कबड्डी खेल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसमें 8 टीमों ने भाग लिया। मशोबरा टीम विजेता रही जबकि जनेड़घाट की टीम उपविजेता रही, जिन्हें सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त स्कूली बच्चों सहित स्थानीय महिला एवं पुरुष कलाकारों ने अपनी अपनी प्रस्तुतियां प्रस्तुत कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।

यह भी रहे उपस्थित
इस मौके पर तहसीलदार कार्तिकेय शर्मा, बीडीओ मशोबरा अंकित कोटिया, बीडीसी सदस्य वीना कश्यप, प्रधान ग्राम पंचायत जनेड़घाट सुचिता आनन्द, उपप्रधान सजीव बाबा, चायल पंचायत के प्रधान पंकज, होटल संघ के अध्यक्ष के एस भूलर, पूर्व प्रधान चेतन भारद्वाज, सिद्ध बाबा मंदिर पुजारी एवं कारधार, प्रधानाचार्य जनेड़घाट पाठशाला सोहन लाल रांटा, पूर्व प्रधानाचार्य जगजीत कश्यप, पीरन पंचायत से प्रधान अत्र सिंह, पूर्व प्रधान कोटी पंचायत बलदेव पुरी, पूर्व बीडीसी तारा चंद, सुमन, दीपराम, सत्यपाल, किशोर कौशल, दिनेश, युवक मंडल, महिला मंडल तथा स्वयं सहायता समूह की सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनेड़घाट पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों सहित आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधि एवं मेला प्रेमी उपस्थित रहे।