वीरभद्र सिंह युगद्रष्टा थे, आधुनिक हिमाचल के निर्माण में उनका योगदान अविस्मरणीय : कुलदीप सिंह पठानिया

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 93वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे एक युगद्रष्टा नेता थे, जिनका आधुनिक हिमाचल के निर्माण में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

 

 

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित वीरभद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पठानिया ने कहा कि डॉ. वाई.एस. परमार के बाद वीरभद्र सिंह प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता थे। उनका लगभग 22 वर्ष और 7 दिन का कार्यकाल अपने आप में एक कीर्तिमान है, जो उनकी लोकप्रियता, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

 

उन्होंने कहा कि उनका वीरभद्र सिंह के साथ विशेष स्नेह और आत्मीय संबंध रहा तथा उनसे जुड़ी अनेक स्मृतियां आज भी प्रेरणा देती हैं। पठानिया ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हमेशा पूरे प्रदेश को समान दृष्टि से देखा और विकास कार्यों में कभी किसी प्रकार का पक्षपात नहीं किया। उनकी विचारधारा आज भी जनप्रतिनिधियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

 

 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर वीरभद्र सिंह की विचारधारा से प्रभावित रही है। उन्होंने युवाओं और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के आदर्शों और विकासवादी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के विकास में योगदान दें।

 

 

उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए और शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली तथा अन्य आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की। उनका योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

 

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, शिमला के विधायक हरीश जनारथा, लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा, धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर, नालागढ़ के विधायक हरदीप बावा, शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल तथा हिमुडा के चेयरमैन यशवंत छाजटा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।