करसोग में मोटे अनाजों की महक: फूड फेस्टिवल में 80 किसानों ने प्रदर्शित किए पारंपरिक व्यंजन

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

  मंडी। ब्लॉक करसोग की ग्राम पंचायत सेरी बंगलो में वासन आरआरए हैदराबाद एवं हिमालय रिवाइटलाइजिंग रेनफेड एग्रीकल्चर (हिम आरआरए) पालमपुर द्वारा एक दिवसीय फूड फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. डी.के. सदाना (हिम आरआरए पालमपुर),  सुखदेव विश्व प्रेमी (आरटीडीसी पालमपुर),  जेआन्त हैदराबाद तथा ग्राम पंचायत सेरी बंगलो की नव-निर्वाचित प्रधान श्रीमती कविता देवी उपस्थित रहीं।

इस फूड फेस्टिवल में महिला मंडलों, सेल्फ हेल्प ग्रुपों, क्लस्टरों सहित 12 संस्थाओं के लगभग 80 किसानों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने मोटे अनाजों एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों से तैयार अनेक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। इनमें रागी के सिड्डू, मोमोज, रागी की चाय, रागी का हलवा, कुदरे की रोटी, कंगनी की खिचड़ी, मंडलिहू गेहूं के सिड्डू, नंगे जौ की रोटी, रामवाने के लड्डू, लिंगड़ की सब्जी, पत्रोंडू, मधली गेहूं की सावली, अखरोट भरे सिड्डू, रागी का सीरा, चोलाई की खीर, कच्चे केले की सब्जी, दुगलू की सब्जी, बिथू की खीर, अलसी का नमक, तिल के पराठे, बंसी गेहूं की लाफी तथा कोलाथ के एंडरे सहित अनेक पारंपरिक व्यंजन शामिल रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान वासन आरआरए हैदराबाद एवं हिम आरआरए पालमपुर की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली सभी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

 

मुख्य अतिथि डॉ. देवेंद्र कुमार सदाना तथा श्री सुखदेव विश्व प्रेमी ने किसानों को प्राकृतिक खेती, मोटे अनाजों के महत्व, देशी बीजों के संरक्षण एवं उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, महिला आजीविका, पंचायत सुदृढ़ीकरण तथा समाज कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।

 

 

नव-निर्वाचित प्रधान  कविता देवी ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने तथा देशी बीजों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में योगदान देने के लिए सोम कृष्ण गौतम एवं कला देवी (बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, करसोग नेचुरल) को भी वासन आरआरए हैदराबाद की ओर से सम्मानित किया गया।

 

 

आयोजकों ने ग्राम पंचायत सेरी बंगलो की नव-निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से  शीश राम के अथक प्रयासों और समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनकी मेहनत से यह फूड फेस्टिवल सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।