आदर्श हिमाचल ब्यूरों
कांगड़ा। जसवां- परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। 30 वर्षीय युवक अपनी बहन की विदाई करा कर घर लौट रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई।
जिस घर में कुछ घंटे पहले शहनाइयां गूंज रही थीं और बहन की डोली विदा हुई थी, वहीं भाई की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना ने एक ही दिन में परिवार से शादी की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को गहरे दुख में डुबो दिया।











