आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बसंतपुर का दौरा किया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर सभी उचित मांगों को चरणबद्ध ढंग से पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
लोक निर्माण मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि गत साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश सरकार द्वारा बसंतपुर विकास खंड का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है जिसके तहत अब तक 23 लाख रूपये की राशि विधायक ऐच्छिक निधि से विभिन्न संपर्क सड़क मार्गों, व अन्य विकासात्मक कार्यों के लिए खर्च की गई है। इसके अलावा बटमैन-बसंतपुर सड़क मार्ग 06 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि से लगभग तैयार है और कुछ कैंचियों के निर्माण उपरांत पूर्ण रूप से वाहनों के लिए उपलब्ध होगा।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं का सशक्तिकरण करने में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की भूमिका सबसे अहम है जिनकी दूरदर्शी सोच के कारण महिलाओं को पंचायती चुनाव में 50 प्रतिशत का आरक्षण प्राप्त हुआ। उनकी सोच के कारण ही आज पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री के समक्ष बसंतपुर क्षेत्र की समस्याओं को भी रखा गया जिसमें युवाओं के लिए खेल मैदान का निर्माण, पेयजल योजनाएं, मल निकासी योजनाएं, सामुदायिक भवनों के निर्माण इत्यादि समस्याएं शामिल थीं। विक्रमादित्य सिंह द्वारा सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से निपटान करने का आश्वासन दिया गया।

इससे पूर्व बसंतपुर पहुंचने पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों द्वारा लोक निर्माण मंत्री का पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया।
इस अवसर पर पंचायत समिति बसंतपुर की अध्यक्षा कौशल्या, खंड विकास परिषद के सदस्य हरदेव कंवर, बसंतपुर ग्राम पंचायत के प्रधान देवराम, उपप्रधान रमेश कुमार, विभिन्न वार्ड सदस्य व पूर्व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगणों सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











