शिमला विश्वविद्यालय में ओरिएंटेशन प्रोग्राम: ‘तकनीक और व्यवहारिक ज्ञान ही सफलता की असली चाबी’ — ब्यूरो चीफ राजेश मंडोत्रा

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। (एपीजी) में नवागंतुक विद्यार्थियों के लिए आयोजित बहुप्रतीक्षित ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दूसरे दिन बुधवार को उत्साह और प्रेरणा का माहौल देखने को मिला। इस विशेष अवसर पर ‘दिव्य हिमाचल’ समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ राजेश मंडोत्रा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान जहाँ विशेषज्ञों ने नए छात्रों को करियर की बुलंदियों को छूने के गुर सिखाए, वहीं विश्वविद्यालय की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध इतिहास से भी रूबरू कराया गया।

 

 

छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजेश मंडोत्रा ने कहा कि आज का दौर तेजी से बदल रहा है और तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान ही काफी नहीं है, बल्कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में व्यवहारिक ज्ञान और बेहतरीन कम्युनिकेशन स्किल्स ही आपको भीड़ से अलग पहचान दिलाते हैं।

 

 

उन्होंने युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता की ऊँचाइयों को छूते समय हमें अपने देश की समृद्ध संस्कृति, नैतिक मूल्यों और परंपराओं का आदर करना कभी नहीं भूलना चाहिए। यही संस्कार हमें एक बेहतर नागरिक और सफल इंसान बनाते हैं।

 

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के डीन फैकल्टी प्रो. डॉ. अश्वनी शर्मा ने विश्वविद्यालय की बहुसांस्कृतिक पहचान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिमला विश्वविद्यालय केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से आए युवाओं और विदेशी छात्रों का भी पसंदीदा अध्ययन केंद्र है। यह परिसर सही मायनों में ‘मिनी भारत’ का रूप प्रस्तुत करता है।

 

डॉ. शर्मा ने नए छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नव-प्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय के माहौल, यहाँ की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली, अनुभवी प्राध्यापकों और शिमला की मनमोहक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से भली-भांति परिचित कराना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विश्वविद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए एक सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध है। डॉ. शर्मा सभी नए छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना और शिमला विश्वविद्यालय को पढ़ाई को चुनने के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

 

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सलाहकार इंजीनि सुमन विक्रांत, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. आनंद मोहन शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. डॉ. नीलम शर्मा, विभागाध्यक्ष (विधि विभाग) से डॉ. भावना वर्मा, पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्यार सिंह,वरिष्ठ मीडिया मैनेजर डॉ. विजयश्री सहित सभी संकायों के विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर्स मौजूद रहे।