आदर्श हिमाचल ब्यूरों
रोहड़ू। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹1.20 लाख की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में थाना रोहड़ू में शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सतीश कुमार, निवासी गांव करालश, डाकघर कसांकोटी, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बलवंत सिधानिया नामक व्यक्ति ने उन्हें विदेश में स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर विभिन्न चरणों में ₹1,20,000 लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार, टिकट एवं अन्य औपचारिकताओं के नाम पर भी अतिरिक्त धनराशि मांगी गई।

पीड़ित का आरोप है कि विदेश भेजे जाने के बाद उन्हें केवल कुछ दिनों तक एक कंपनी में काम मिला, जिसके बदले बहुत कम वेतन दिया गया। बाद में बिना किसी उचित कारण के नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद एजेंट द्वारा और धन की मांग की गई तथा पहले ली गई राशि लौटाने या जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब परिजनों ने एजेंट से संपर्क किया तो कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में नामित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। पुलिस उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
(नोट: मामला जांचाधीन है। आरोप शिकायतकर्ता के बयान पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही तथ्यों की अंतिम पुष्टि होगी।)











