शिक्षा महाकुंभ का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर में होगा शुरु ।

0
5

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

हमीरपुर । शिक्षा महाकुंभ में VBITR की ईकाई DHE एवं NIT हमीरपुर के संयुक्त तत्वाधान में शिक्षा महाकुंभ-2026 का आयोजन 9 से 11 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश में किया जा रहा है। यह आयोजन DHE एवं एन आई टी हमीरपुर, केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश तथा आईआईटी मंडी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। शिक्षा महाकुंभ-2026 का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाबचंद कटारिया द्वारा किया जाएगा।

 

 

विद्या भारती हिमाचल के अध्यक्ष मोहन सिंह केस्टा, संगठन मंत्री ज्ञान सिंह, महामंत्री सुरेश कपिल, कोषाध्यक्ष मनोज कपूर द्वारा शिमला में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जी से भेंट कर उन्हें शिक्षा महाकुंभ के लिए आमंत्रित किया गया। इसके अतिरिक्त विधायकों सुधीर शर्मा, प्रकाश राणा, डॉ जनक राज, सतपाल सत्ती, त्रिलोक जमवाल, रीना कश्यप, आशीष शर्मा, रणवीर निक्का, पवन काजल, विनोद कुमार, इन्द्रसिंह गाँधी, दीप राज, लोकिंदर सिंह को भी आमंत्रित किया।

 

 

शिक्षा महाकुंभ के अब तक पांच सफल संस्करण देश के विभिन्न राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों ने देश में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, भारतीय ज्ञान परंपरा और राष्ट्रीय शैक्षिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत के शैक्षणिक पुनरुत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

 

 

इस वर्ष शिक्षा महाकुंभ का केंद्रीय विषय “शिक्षा, प्रकृति और प्रगति—विकास और प्रकृति के साथ सामंजस्य के लिए शिक्षा” रखा गया है। सम्मेलन में शैक्षणिक नवाचार, स्टार्टअप, भारतीय ज्ञान प्रणाली, अनुसंधान, तकनीकी शिक्षा तथा शिक्षा जगत से जुड़े समसामयिक एवं महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक मंथन किया जाएगा। इसका उद्देश्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था को लेकर सार्थक संवाद स्थापित करना है, जो विकास की आवश्यकताओं के साथ-साथ प्रकृति, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे।

 

 

शिक्षा महाकुंभ में देशभर से कुलपतियों, निदेशकों, वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं शोध छात्रों का समागम होगा। आयोजन के दौरान 200 से अधिक शोध पत्रों का प्रस्तुतिकरण, विद्यार्थियों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा विभिन्न परियोजनाओं का प्रदर्शन तथा शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रदर्शनियां आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे अभिनव प्रयोगों और उत्कृष्ट कार्यों को साझा करने के लिए विभिन्न सत्र आयोजित होंगे।