आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। संविधान दिवस के गौरवशाली अवसर पर एपीजी शिमला विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज एंड रिसर्च विभाग की ओर से गुरुवार को विश्वविद्यालय सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. भावना वर्मा के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विधि संकाय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज की डॉ. सीमा कश्यप ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं वंदेमातरम से हुआ।
अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी जरूरी : डॉ. सीमा कश्यप
सभागार में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य अतिथियों को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. सीमा कश्यप ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया के सबसे सुंदर और जीवंत संविधानों में से एक है, जो लोकतंत्र को सर्वोपरि रखता है। संविधान प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता एवं मौलिक अधिकार प्रदान करता है, वहीं नागरिकों को उनके मौलिक कर्तव्यों का भी बोध कराता है।
उन्होंने कहा कि आज समाज में अधिकारों की बात तो हर कोई करता है, लेकिन अपने कर्तव्यों को अक्सर भूल जाता है। जहां अधिकार हैं, वहां कर्तव्य भी निहित हैं। प्रत्येक नागरिक जब अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा, तभी एक सशक्त, समावेशी और जनहितैषी लोकतंत्र का निर्माण संभव होगा।
डॉ. कश्यप ने ‘मौलिक अधिकार और कर्तव्य : समय की मांग’ विषय पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना, राष्ट्रीय प्रतीकों का आदर करना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को नमन करना, कानून का पालन करना तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ राष्ट्रीय एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व है।
विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी, नाटिका और कविता के माध्यम से दिया संविधान का संदेश
कार्यक्रम के दौरान एपीजी शिमला विश्वविद्यालय के विधि विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, लघु नाटिका, भाषण एवं कविता पाठ के माध्यम से संविधान की महिमा, उसके महत्व, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों को सरल एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने संविधान सभा की भूमिका, संविधान निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान तथा संविधान सभा के सदस्यों के ऐतिहासिक प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभागार में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
इस गरिमामय अवसर पर एपीजी शिमला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. देविंदर शर्मा, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. आनंद मोहन शर्मा, डीन फैकल्टी प्रो. डॉ. अश्वनी शर्मा, डीन एलाइड हेल्थकेयर साइंसेज प्रो. डॉ. टीना शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
समारोह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











