आदर्श हिमाचल की विशेष रिपोर्ट
शिमला। लोकतंत्र में चुनाव केवल किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न, बड़े नेताओं के भाषणों और सरकार की उपलब्धियों के सहारे नहीं जीते जाते। चुनाव जीतने के लिए सत्ता, संगठन, रणनीति, संसाधन, स्थानीय समीकरण और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता होती है। यह सच है कि जिस पार्टी की सरकार होती है, उसे स्वाभाविक रूप से कुछ प्रशासनिक और राजनीतिक बढ़त मिलती है। उसके पास सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का अवसर होता है, संसाधनों की उपलब्धता होती है और सत्ता में होने के कारण राजनीतिक सक्रियता भी अधिक रहती है। लेकिन इन सबके बावजूद चुनावी सफलता की असली परीक्षा बूथ और गांव के स्तर पर होती है, जहां संगठन का कार्यकर्ता मतदाता से सीधा संवाद करता है।
किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती का आधार उसका अनुभवी नेतृत्व और ऊर्जावान कार्यकर्ता होते हैं। संगठन में वरिष्ठ लोगों का अनुभव, राजनीतिक परिस्थितियों को समझने की क्षमता, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और चुनावी रणनीति बनाने की योग्यता महत्वपूर्ण होती है। युवा कार्यकर्ता उस रणनीति को जमीन पर उतारते हैं। युवाओं में ऊर्जा होती है, काम करने का उत्साह होता है, तकनीक और सोशल मीडिया की समझ होती है। इसलिए संगठन में युवाओं की भागीदारी और पदों पर उनकी नियुक्ति आवश्यक है। लेकिन युवा होना और संगठन चलाने की योग्यता होना दो अलग-अलग बातें हैं।
संगठन में किसी युवा को ऊंचा पद देना गलत नहीं है, लेकिन केवल चमकते चेहरे, आर्थिक हैसियत, सोशल मीडिया की लोकप्रियता, किसी प्रभावशाली व्यक्ति की निकटता या राजनीतिक सिफारिश के आधार पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप देना संगठन के लिए घातक हो सकता है। पद मिलने के बाद कुछ लोग संगठन में घुलने-मिलने, पुराने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और सामूहिक नेतृत्व विकसित करने के बजाय अपने पद की चमक दिखाने में लग जाते हैं। वे यह भूल जाते हैं कि संगठन किसी एक व्यक्ति की निजी जागीर नहीं होता। संगठन में पद प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने का दायित्व होता है।
राजनीति में ऐसे अनेक उदाहरण देखने को मिले हैं, जहां कम अनुभव में बड़ी जिम्मेदारी पाने वाले नेता कुछ समय तक पद और प्रचार के कारण चर्चा में रहे, लेकिन अपने व्यवहार, कार्यशैली और संगठनात्मक अपरिपक्वता के कारण धीरे-धीरे अप्रासंगिक होते चले गए। अंततः पार्टी को भी नुकसान हुआ और उनका अपना राजनीतिक भविष्य भी धूमिल हो गया। ऐसे लोगों के नाम गिनाकर उनके व्यक्तिगत सम्मान को ठेस पहुंचाना मेरा उद्देश्य नहीं है। मेरा सवाल व्यक्तियों से अधिक उस संगठनात्मक व्यवस्था से है, जो अनुभव, परिश्रम और समर्पण की जगह कभी-कभी तात्कालिक चमक-दमक को प्राथमिकता देने लगती है।
उत्तर प्रदेश भाजपा की वर्तमान संगठनात्मक स्थिति को इसी कसौटी पर देखने की आवश्यकता है। प्रदेश में ऊपर से नीचे तक गुटबाजी की चर्चा अब केवल राजनीतिक विरोधियों के आरोपों तक सीमित नहीं रह गई है। पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्थानीय राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखने वाले लोगों को भी कई स्थानों पर यह बिखराव दिखाई देता है। संगठन के भीतर अलग-अलग खेमे बनना, एक-दूसरे के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखना, दूसरे गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करना तथा व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को संगठनात्मक हित से ऊपर रखना गंभीर चिंता का विषय है।
भाजपा की उत्तर प्रदेश में चुनावी सफलता के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाएं, हिंदुत्व का वैचारिक आधार, पार्टी का चुनाव चिह्न कमल और वर्षों की संगठनात्मक मेहनत रही है। यह भी स्वीकार करना होगा कि अनेक सांसद और विधायक ऐसे हैं जिनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता से अधिक पार्टी और शीर्ष नेतृत्व की लोकप्रियता ने उनकी जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। हर जनप्रतिनिधि के बारे में यह दावा करना उचित नहीं होगा कि वह केवल मोदी-योगी के चेहरे पर जीता है, लेकिन यह राजनीतिक वास्तविकता भी नकारा नहीं जा सकती कि भाजपा के चुनावी आधार में इन दोनों नेताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कुछ नेता ऐसे भी होते हैं जिनकी अपनी पहचान, व्यक्तिगत जनाधार और क्षेत्र में स्वीकार्यता होती है। वे पार्टी के चुनाव चिह्न के बिना भी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की क्षमता रखते हैं। ऐसे नेताओं को संगठन में सम्मान मिलना चाहिए, लेकिन पार्टी के व्यापक जनाधार को व्यक्तिगत उपलब्धि समझ लेना राजनीतिक भूल है। कमल के चुनाव चिह्न और मोदी-योगी के नेतृत्व से मिली सफलता को अपनी निजी लोकप्रियता मान लेने वाले नेताओं को यह समझना चाहिए कि राजनीति में जनता किसी व्यक्ति को स्थायी रूप से अपना प्रतिनिधि मानकर नहीं बैठी रहती।
इसी संदर्भ में उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयानों पर चर्चा आवश्यक है। चुनाव सामने हों तो पत्रकार राजनीतिक सवाल पूछेंगे ही। मुख्यमंत्री कौन होगा, नेतृत्व किसके हाथ में रहेगा और चुनाव के बाद सत्ता की संरचना क्या होगी, ऐसे सवाल राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा हैं। लेकिन किसी वरिष्ठ नेता को यह कहने की आवश्यकता क्यों पड़ती है कि चुनाव के बाद तय होगा कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा? इसके साथ यह टिप्पणी करना कि एक ही व्यक्ति कितनी बार मुख्यमंत्री बनेगा, राजनीतिक रूप से किस संदेश को जन्म देती है?
क्या ऐसे बयानों से संगठन के भीतर अनावश्यक नेतृत्व संबंधी अटकलों को हवा नहीं मिलती? क्या इससे कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम पैदा नहीं होता? चुनाव का समय आपसी महत्वाकांक्षाओं का प्रदर्शन करने का नहीं, बल्कि पार्टी की ताकत को एकजुट करने का होता है। जब पार्टी का शीर्ष नेतृत्व स्पष्ट है, मुख्यमंत्री प्रदेश में काम कर रहे हैं और कार्यकर्ता चुनावी तैयारी में जुटने वाले हैं, तब सार्वजनिक मंचों से ऐसे संकेत देने का क्या औचित्य है?
मैंने स्वयं लगभग 25-26 वर्ष पहले भाजपा के प्रदेश कार्यालय में केशव प्रसाद मौर्य को कुर्सियां लगाते और पिछली पंक्ति में खड़े होकर संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेते देखा है। यह उनकी राजनीतिक यात्रा का एक पक्ष है। किसी भी कार्यकर्ता का सामान्य पृष्ठभूमि से उठकर बड़े पद तक पहुंचना संगठन की खूबी माना जाना चाहिए। लेकिन पद मिलने के बाद व्यक्ति को यह नहीं भूलना चाहिए कि संगठन में उसकी पहचान केवल पद से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार, राजनीतिक परिपक्वता और कार्यकर्ताओं के साथ संबंधों से बनती है।
उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने की प्रक्रिया और उसके पीछे रहे सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा होती रही है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली, लेकिन उनके चुनावी प्रदर्शन और विधान परिषद के रास्ते उनकी राजनीतिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। किसी नेता के भविष्य में चुनाव जीतने या हारने की भविष्यवाणी करना मेरा उद्देश्य नहीं है। मेरा प्रश्न इतना ही है कि जिस संगठन ने एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी ऊंचाई तक पहुंचाया, उस संगठन की सामूहिक शक्ति को मजबूत करने में उस नेता की भूमिका कितनी प्रभावी होनी चाहिए?
दुर्भाग्य यह है कि उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में भी यही प्रवृत्ति दिखाई देती है। एक जिले में चार से छह अलग-अलग गुट सक्रिय होने की स्थिति किसी भी मजबूत संगठन के लिए शुभ संकेत नहीं है। कई बार इन गुटों के नेता एक ही कार्यक्रम में एक साथ दिखाई नहीं देते। यदि किसी मजबूरी में एक मंच पर आना भी पड़े तो अलग-अलग समूहों में खड़े रहना, अलग-अलग लोगों से बातचीत करना और एक-दूसरे से दूरी बनाए रखना साफ दिखाई देता है। राजनीति में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मतभेद को मनभेद बना लेना संगठनात्मक कमजोरी का प्रमाण है।
आज सोशल मीडिया के माध्यम से किसी जिले के संगठन की वास्तविक स्थिति का कुछ हद तक अंदाजा लगाया जा सकता है। जिला पदाधिकारी, मंडल के जिम्मेदार लोग और स्वयं को पार्टी का बड़ा नेता समझने वाले लोग किन कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, किन लोगों को आमंत्रित करते हैं और किनकी गतिविधियों की अनदेखी करते हैं, यह सब सार्वजनिक रूप से दिखाई देता है। कई बार किसी महत्वपूर्ण सामाजिक, राजनीतिक या संगठनात्मक कार्यक्रम की सूचना जानबूझकर कुछ लोगों तक नहीं पहुंचाई जाती। किसी व्यक्ति को पसंद नहीं करने के कारण उसे कार्यक्रम से दूर रखना, उसके योगदान को स्वीकार न करना और उसके प्रभाव को सीमित करने का प्रयास करना संगठन की संस्कृति नहीं हो सकती।
सबसे विचित्र स्थिति तब होती है जब किसी जिले का कोई नेता स्वयं को इतना महत्वपूर्ण समझने लगता है कि उसे बुलाने वाले भी उसके लिए पर्याप्त सम्मानजनक नहीं रह जाते। वह निमंत्रण मिलने के बावजूद कार्यक्रम में जाना उचित नहीं समझता। दूसरी ओर, कुछ लोग अपने विरोधियों को कार्यक्रम में बुलाना ही नहीं चाहते। इस प्रकार संगठन का सार्वजनिक जीवन व्यक्तिगत पसंद-नापसंद का अखाड़ा बनता जा रहा है।
आजमगढ़ इसका एक स्थानीय उदाहरण है, जहां भाजपा से जुड़े अनेक लोग और स्वयं को संगठन का महत्वपूर्ण चेहरा मानने वाले नेताओं की गतिविधियों को देखने पर कई बार यह महसूस होता है कि जिला अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष और अन्य प्रभावशाली नेताओं के बीच सहज सामंजस्य दिखाई नहीं देता। राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति अलग-अलग समूहों में दिखाई देती है। यहां तक कि विवाह जैसे सामाजिक आयोजनों में भी कई बार एक-दूसरे से दूरी का भाव नजर आता है। जब सामाजिक जीवन में ही सहज मेलजोल नहीं है, तो चुनाव के समय एक-दूसरे के लिए घर-घर जाकर मत मांगने की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?
राजनीति केवल मंच साझा करने और एक-दूसरे के साथ फोटो खिंचवाने का नाम नहीं है। वास्तविक संगठन वह होता है जहां एक कार्यकर्ता दूसरे कार्यकर्ता की सफलता पर प्रसन्न हो, एक पदाधिकारी दूसरे की मेहनत को स्वीकार करे और वरिष्ठ नेता अपने से छोटे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का साहस रखें। यदि किसी कार्यक्रम में किसी दूसरे गुट के व्यक्ति को सम्मान मिल जाता है तो अपनी प्रतिष्ठा घटने का भय नहीं होना चाहिए। यदि किसी पुराने कार्यकर्ता को मंच पर स्थान मिल जाता है तो नए पदाधिकारी की हैसियत कम नहीं हो जाती।
भाजपा का संगठन कभी अपने अनुशासन, कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था और बूथ स्तर तक फैले नेटवर्क के लिए जाना जाता था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से निकले अनेक कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक बिना पद और प्रचार की अपेक्षा के संगठन के लिए काम किया। उन्होंने चुनाव में पोस्टर लगाए, झंडे लगाए, दीवार लेखन किया, बूथ संभाले, मतदाताओं से संपर्क किया और विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी का झंडा उठाए रखा। उनमें से अनेक लोग आज भी किसी पद की अपेक्षा किए बिना काम कर रहे हैं। लेकिन जब वही कार्यकर्ता देखते हैं कि पद और प्रतिष्ठा कुछ सीमित लोगों के बीच घूम रही है, उनकी मेहनत की उपेक्षा हो रही है और संगठन में व्यक्तिगत गुटों का प्रभाव बढ़ रहा है, तो उनके मन में निराशा पैदा होना स्वाभाविक है।
यहां एक और गंभीर प्रश्न है। क्या संगठन में पद पाने के बाद व्यक्ति की जिम्मेदारी बढ़ती है या केवल उसका कद बढ़ता है? क्या जिला अध्यक्ष का दायित्व केवल अपने समर्थकों को पद देना है या पूरे जिले के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना भी है? क्या क्षेत्रीय नेतृत्व की भूमिका केवल राजनीतिक समीकरण साधना है या जिलों के भीतर चल रही गुटबाजी को समाप्त करना भी है? क्या प्रदेश नेतृत्व को केवल चुनावी आंकड़ों और जनसभाओं की भीड़ से संतुष्ट रहना चाहिए या संगठन की अंदरूनी सेहत की भी नियमित समीक्षा करनी चाहिए?
चुनाव में सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए बड़े-बड़े मंच तैयार किए जा सकते हैं, लेकिन बूथ पर नाराज कार्यकर्ता को कोई सरकारी विज्ञापन मनाकर सक्रिय नहीं कर सकता। किसी विधायक या सांसद के खिलाफ स्थानीय असंतोष हो तो केवल प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम पर हर बार जीत की गारंटी नहीं मिलती। जनता का मिजाज बदलता है, स्थानीय समीकरण बदलते हैं और मतदाता अपने क्षेत्र के प्रतिनिधि के कामकाज का मूल्यांकन भी करता है। इसलिए यह मानकर चलना कि मोदी-योगी का चेहरा और कमल का निशान हमेशा हर स्थानीय कमजोरी को ढक देंगे, आत्ममुग्धता होगी।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को अब संगठनात्मक समीक्षा में केवल यह नहीं देखना चाहिए कि किस जिले में किस नेता के कितने समर्थक हैं, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि कौन नेता अपने विरोधी विचार वाले कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चल सकता है। किसने वर्षों तक संगठन में काम किया है? कौन चुनाव के समय ही सक्रिय होता है और कौन सामान्य दिनों में भी कार्यकर्ताओं के बीच रहता है? किसके कार्यक्रम में सभी गुटों के लोग स्वेच्छा से पहुंचते हैं और किसके कार्यक्रम में केवल उसका अपना खेमा दिखाई देता है? किस नेता की लोकप्रियता वास्तव में जनता के बीच है और किसकी लोकप्रियता केवल सोशल मीडिया की तस्वीरों और पदाधिकारियों की सूची तक सीमित है?
संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाया जाना चाहिए, लेकिन अनुभव को दरकिनार करके नहीं। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाना चाहिए, लेकिन केवल वरिष्ठता के आधार पर नहीं। पद योग्यता, परिश्रम, समर्पण, जनस्वीकार्यता और संगठन को जोड़ने की क्षमता के आधार पर मिलना चाहिए। जो व्यक्ति अपने विरोधी गुट के कार्यकर्ताओं को भी सम्मान दे सकता है, वही वास्तविक संगठनकर्ता है।
अंततः भाजपा को यह समझना होगा कि चुनाव केवल मोदी जी और योगी जी के चेहरे पर नहीं लड़ा जाता, उसे जीतने के लिए लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता भी चाहिए। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का नेतृत्व पार्टी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत हो सकता है, लेकिन उस ताकत को मतों में बदलने का काम बूथ का कार्यकर्ता करता है।
पद की चमक कुछ समय के लिए व्यक्ति को बड़ा दिखा सकती है, लेकिन संगठन में सम्मान उसके व्यवहार और योगदान से मिलता है। गुटबाजी से नेता अपने समर्थकों की संख्या तो गिन सकता है, लेकिन पार्टी की ताकत घटा देता है।
भाजपा को यदि उत्तर प्रदेश में अपना राजनीतिक वर्चस्व बनाए रखना है तो उसे चुनावी तैयारियों से पहले संगठन के भीतर चल रही इस बीमारी का उपचार करना होगा। वरना मंच पर एकता के नारे लगेंगे, तस्वीरों में कमल खिलेगा, भाषणों में मोदी-योगी का नाम गूंजेगा, लेकिन जमीन पर कार्यकर्ता एक-दूसरे से दूरी बनाए रखेंगे। और याद रखिए, चुनाव सोशल मीडिया की तस्वीरों में नहीं, जनता के बीच और बूथ पर लड़ा जाता है।











