आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला/ऊना/सिरमौर/हमीरपुर/कांगड़ा/किन्नौर/मंडी/कांगड़ा/सोलन/चंबा/लाहौल-स्पिति। प्रदेश में कोरोना के नए मामलों ने ने एक बार फिर दूसरी बार सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की है। साथ ही आज एक ही दिन में चार मौतें कोरोना के कारण हुई है। इनमें एक मौत ऊना,एक शिमला और दो सिरमौर जिले में हुई हैं।वीरवार सुबह आईजीएमसी शिमला में किन्नौर की 84 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुकी थी, उसके बाद उनकी तबियत खराब होने पर पहले डीडीयू और फिर आईजीएमसी शिफ्ट किया गया था। आईजीएमसी में इस बुजुर्ग महिला ने वीरवार सुबह दम तोड़ दिया। आज हुई चार मौतों में से केवल एक ही हिमाचल में गिनी जाएगी। सिरमौर में हुई दोनों मौतें यहां नहीं गिनी जाएंगी। आज प्रदेश में 11 जिलों से 180 नए संक्रमण के मामले सामनेआए हैं। ऊना जिला में कोरोना संक्रमण के कारण पहली मौत आज दर्ज की गई है।
इनमें सोलन से सर्वाधिक 51, सिरमौर से 37, कांगड़ा से 25, हमीरपुर से 23, ऊना से 11, चंबा से 10, शिमला से नौ, बिलासपुर से आठ, मंडी से तीन, किन्नौर से दो और लाहौल-स्पिति से एक नया कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। इसी के साथ आज नौ जिलो से 189 लोग ठीक भी हुए हैं। इनमें कुल्लू से सर्वाधिक 57, सोलन से 35, कांगड़ा से 32, मंडी से 21, ऊना से 13, सिरमौर से नौ, शिमला से आठ, चंबा व हमीरपुर से सात-सात मरीज ठीक हो चुके हैं। आज आए नए मामलो के साथ ही प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल संक्रमित मामले 5501 पर पंहुच गए हैं जबकि 4008 लोगों के ठीक होने के बाद अब प्रदेश भर में 1418 सक्रिय मामले हैं।
वीरवार को ऊना जिले में लंबे समय से बीमार चल रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा है। इनकी रिपोर्ट अंतिम संस्कार के बाद पॉजिटिव आई है। हमीरपुर के पनसाई गांव का रहने वाला यह व्यक्ति इलाज के लिए अपनी बेटी के घर घालूवाल आया था। इलाज के लिए ये 25 अगस्त को रीजनल अस्पताल ऊना भी गया था। यहीं इनका कोरोना सैंपल लिया गया और अन्य टेस्ट भी हुए थे। लेकिन बुधवार को व्यक्ति ने दम तोड़ दिया जिसके बाद इनका गांव में संस्कार किया गया। वीरवार को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अब मरीज की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है।
शिमला जिले में आईजीएमसी शिमला में भर्ती किन्नौर जिले की महिला ने आज दम तोड़ दिया। किन्नौर के यंगप्पा गांव की रहने वाली 84 वर्षीय इस महिला को 14 अगस्त को डीडीयू से आईजीएमसी शिफ्ट किया था। महिला के बेटा और बहू भी पॉजिटिव पाए गए थे। इलाज के बाद बहू व इन बुजुर्ग की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, वहीं बेटे का दिल्ली में इलाज चल रहा है।
सिरमौर जिले में पांवटा साहिब उपमंडल की 42 वर्षीय महिला ने मोहाली में निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा है।वहीं राजगढ़ में स्कूल प्रिंसिपल की मौत हुई है। दोनों ही लंबे समय से कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त थे। महिला को 16 अगस्त को पांवटा साहिब सिविल हॉस्पिटल में भी चेकअप के लिए लाया गया था। इसके बाद उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था। इसके बाद महिला का इलाज मोहाली के एक हॉस्पिटल में चल रहा था। महिला को लंबे समय से शुगर, बीपी व अन्य बीमारियां थीं।
दूसरी ओर राजगढ़ नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार के 67 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। वह पिछले एक वर्ष से कई बीमारियों से ग्रसित थे। मंगलवार को उक्त व्यक्ति को पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया था। बुधवार देर शाम को परिजन व्यक्ति को घर लेकर आए थे। बुधवार देर रात को पीजीआई) प्रशासन ने व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की सूचना दी थी। व्यक्ति की मौत की सूचना मिलते ही राजगढ़ प्रशासन द्वारा कोविड-19 के नियमों के अनुसार अंतिम संस्कार करवाया जा रहा है।
गुरुवार को भी टांडा अस्पताल में दो और डॉक्टर और एक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना की चपेट में आए। इसी के साथ अस्पताल में एक मरीज भी पॉजिटिव पाया गया है। वहीं आठ लोग कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा चार लोग बिना किसी ट्रेवल हिस्ट्री के ही पॉजिटिव पाए गए हैं।
चंबा जिले के पुखरी ब्लॉक में 7 वर्षीय बच्चा, 11 वर्षीय लड़की, 8 वर्षीय बच्चा और 30 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। समोटी ब्लॉक में 39 वर्षीय महिला, 31 वर्षीय महिला, 42 वर्षीय महिला, 50 वर्षीय महिला और 7 वर्षीय बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। समोटी ब्लॉक में हैदराबाद से लौटी 52 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। ऊना जिले में क्षेत्रीय अस्पताल के दो कर्मियों समेत 11 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। अस्पताल के दो कर्मियों में एक स्टॉफ नर्स है जबकि दूसरी कर्मचारी लैब में कार्यरत है। जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में तैनात 42 वर्षीय स्टाफ नर्स की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
वहीं पंजाब के नंगल की रहने वाली लैब में कार्यरत महिला कर्मी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। जबकि ऊना शहर के प्रेम नगर निवासी 50 वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह महिला डीसी कार्यालय ऊना में तैनात है। फ्लू के लक्षणों के चलते इसका सैंपल लिया गया था। उपमंडल बंगाणा के लठियानी के एक ही परिवार से 38 वर्षीय महिला और 11 वर्षीय बच्चा पॉजिटिव आया है। यह यूपी से लौटे थे। गगरेट उपमंडल के गांव अंबोआ का 33 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। यह उत्तराखंड से लौटा था। गगरेट उपमंडल की एक 19 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह युवती संक्रमित के संपर्क में आई थी।
हमीरपुर के पनसाई नादौन का एक व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसका हरोली के पालकवाह में सैंपल लिया गया था। फरीदाबाद से लौटा उपमंडल बंगाणा के करमाली का 29 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। गगरेट उपमंडल के चलेट गांव का 44 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। फ्लू के लक्षणों के चलते इसका सैंपल हुआ था। उपमंडल ऊना के गांव बनगढ़ का 23 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आया है। बद्दी सोलन में एक संक्रमित के संपर्क में आने के चलते इसका सैंपल लिया गया था। सीएमओ ऊना डॉक्टर रमन शर्मा ने मामलों की पुष्टि की है।
सोलन जिले में पुलिस कर्मी समेत एक साथ फिर से 51 कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि सीआरआई कसौली में हुई सैंपलों की जांच में 49 मामले पॉजिटिव पाए गए जबकि दो गर्भवती महिलाएं ट्रूनॉट से पॉजिटिव आई हैं। परवाणू के कुल सात पॉजिटिव मामलों में पांच सीधे संपर्क से जबकि एक आईएलआई और एक गर्भवती महिला पॉजिटिव पाई गई है। इसके अलावा धर्मपुर से एक पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमण की चपेट में आया है। सोलन से दो कामगार पॉजिटिव हैं, जबकि बीबीएन के विभिन्न उद्योगों में कार्यरत 39 लोग भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।