कहा… अपना चुनावी वादा पूरा करें भाजपा
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
सुंदर नगर: यदि भाजपा सही मायने में महिलाओं को समानता का अधिकार देने की पक्षधर है तो महिलाओं को लोकसभा व विधानसभा में अपने वादे के मुताबिक 33% आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार पहल करें। यह बात प्रदेश स्तरीय समाजसेवी संस्था ओरिएंटल फाउंडेशन की संस्थापक एवं देश की युवा सेलिब्रिटी पंचायत प्रधान रही जबना चौहान ने मंडी जिला के अप्पर नाचन की मशोगल पंचायत में महिला सशक्तिकरण व नशाबंदी पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कही।
जबना चौहान ने कहा कि भाजपा ने केंद्र में सत्तासीन होने के लिए लोकसभा व विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का चुनावों के दौरान वादा किया था जिस पर अभी तक कोई भी कदम मोदी सरकार की ओर से नहीं उठाया गया है । उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सही मायने में महिलाओं को समानता का अधिकार देने की पक्षधर है तो प्राथमिकता के आधार पर मोदी सरकार महिलाओं को 33% आरक्षण देने के लिए कदम उठाए।
जबना ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं तथा हर क्षेत्र में अपना दायित्व बखूबी निभा रही हैं इसलिए महिलाओं को समानता का अधिकार देना समय की मांग है। उन्होंने कहा की महिलाओं को जब लोकसभा व विधानसभा में बराबरी का प्रतिनिधित्व मिलेगा तभी सही अर्थों में महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त होगा।
इस अवसर पर जबना चौहान ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से नशे के खिलाफ खुलकर सामने आने की अपील की ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके और नव भारत का निर्माण किया जा सके । वही उन्होंने महिलाओं से उनके अधिकारों तथा कर्तव्यों को लेकर चर्चा की जबना चौहान ने कहा कि सामाजिक सरोकार के कार्य में महिलाओं को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए ताकि क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा सके । इस अवसर पर पंचायत के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।











