शिमला: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की बेला में मतदान समाप्त हो चुका है पिछले 12 नवंबर को प्रदेश भर के मतदाताओं ने नेताओं की किस्मत का फैसला मत पेटियों में बंद कर दिया है। अब प्रदेश को इंतजार है 8 दिसंबर का, जब परिणाम घोषित होंगे और ज्ञात होगा की प्रदेश में किसने मारी बाजी, किसके सर चढ़ा सियासत का ताज।
लोकतंत्र में अपनी भागीदारी जनता मतदान से देती है और प्रदेश भर में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया तो वही कुछ मतदान केंद्रों ने अलग रिकॉर्ड भी कायम किए। जिला निर्वाचन अधिकारी किन्नौर, आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि लगभग 9 हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित किन्नौर-68 (अ.ज.जा) विधानसभा क्षेत्र के “का” मतदान केंद्र में इस बार 112.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है जो शत-प्रतिशत मतदान से 12.5 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने बताया कि इस मतदान केंद्र में 18 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। ‘का’ मतदान केंद्र में कुल 16 मतदाता हैं, जिनमें 11 महिलाएं व 5 पुरूष शामिल हैं। मतदान केंद्र में 9 महिलाओं व 5 पुरूषों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके अलावा मतदान केंद्र पर नियुक्त 4 मतदान कर्मियों ने इलेक्शन ड्यूटी सर्टिफिकेट (ई.डी.सी) के माध्यम से मतदान किया जिस कारण मतदान 112.5 प्रतिशत दर्ज हुआ।
खैर, मतदान प्रतिशत लोकतंत्र के स्वास्थ्य की हालत बताता है, और ज्यादा से ज्यादा मात्रा में मतदान होता है तो निश्चित रूप से वह देश के लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत ही है ऐसे में छोटे से मत केंद्रों पर भी लोगों का मतदान करना उनकी लोकतंत्र के प्रति निष्ठा और राजनीतिक जागरूकता को दिखाने का काम करता है।











