आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओमन चांडी का निधन हो गया है। उनके परिवार के साथ-साथ केरल कांग्रेस अध्यक्ष के. सुधाकरन ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। वह 79 वर्ष के थे। ओमन चांडी लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के लिए बेंगलुरु में रह रहे थे। कांग्रेस केरल ने ट्वीट किया कि हमारे सबसे प्रिय नेता और पूर्व सीएम ओमन चांडी को विदाई देते हुए बेहद दुख हो रहा है। ओमन चांडी, केरल के सबसे लोकप्रिय और उदार नेताओं में से एक थे। सभी वर्ग के लोग चांडी सर को पसंद करते थे। कांग्रेस परिवार उनके नेतृत्व और योगदान को याद करेगा।


इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी ओमन चांडी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमन चांडी दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे और उनके मुख्यमंत्रित्व में केरल राज्य ने आशातीत प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केरल के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।