भारत की युवा शक्ति से मजबूत होगी अर्थव्यवस्था: हेलसिंकी अध्ययन प्रवास पर विधानसभा अध्यक्ष पठानियां

0
5

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो,

शिमला। अध्ययन प्रवास को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां गत रात्रि इटली के प्रसिद्ध शहर मिलान से वायुमार्ग द्वारा फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी पहुँचे। पठानियां 21 से 25 सितंबर तक मिलान के अध्ययन प्रवास पर रहे।

 

मिलान फैशन, डिजाइन, खूबसूरती, इतिहास और आर्थिक महत्व के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है। इसे विश्व की फैशन एवं डिजाइन राजधानी के रूप में भी जाना जाता है। अपने प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, शिक्षण संस्थानों तथा औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं एवं विकास मॉडल का अध्ययन किया तथा भारत और हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में उनका तुलनात्मक अवलोकन किया।

 

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि मिलान सपनों से भी अधिक सुंदर शहर है। उन्होंने कहा कि इस शहर को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने में यहां के वास्तुकारों और शिल्पकारों का अतुलनीय योगदान रहा है।

 

अध्ययन प्रवास के दौरान पठानियां ने भारतीय समुदाय के लोगों तथा स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर संवाद किया। भारतीय समुदाय से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भारत उनका मूल देश है और विदेशों में अर्जित धन का निवेश देश में किया जाना चाहिए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

 

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश में युवाओं की बड़ी आबादी हमारी महत्वपूर्ण ताकत है। इस युवा शक्ति का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करते हुए भारत को समृद्ध और मजबूत राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश को विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

 

विधानसभा अध्यक्ष 23 से 24 सितंबर तक फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। इसके बाद उनका फिनलैंड के प्रसिद्ध शहर रोवानीमी जाने का कार्यक्रम है। रोवानीमी को फिनलैंड के लैपलैंड क्षेत्र की राजधानी माना जाता है तथा इसे सांता क्लॉज के आधिकारिक गृह नगर के रूप में भी जाना जाता है। आर्कटिक सर्कल के निकट स्थित यह शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, उत्तरी रोशनी और विशिष्ट पर्यटन आकर्षणों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।

पठानियां 25 और 26 सितंबर को रोवानीमी के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे।