आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सिख धर्म के संस्थापक गुरू नानक देव जी की जयंती पर प्रदेश और देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। पठानिया ने अपने बधाई संदेश में कहा कि गुरू नानक देव जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने जातिवाद और धर्म के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध मंत्र “एक ओंकार”, अर्थात् “ईश्वर एक है” सिख धर्म की आधारशिला बना।
इस दौरान कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन, वर्ष 1469 में पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब (पूर्व में तलवंडी) में जन्मे गुरू नानक देव जी के उपदेश आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, हर वर्ष उनका जन्म दिवस विशेष श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि सिख समुदाय भारत की चौथी सबसे बड़ी आबादी है, जबकि वैश्विक स्तर पर यह नौवीं सबसे बड़ी धार्मिक आबादी है। गुरू नानक जयंती आज विश्वभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी प्रदेश और देशवासियों को गुरू नानक देव जी की जयंती की शुभकामनाएँ दी हैं।











