एक बूटा बेटी अभियान के तहत भी 150 नवजात कन्याओं के नाम पर रोपे गए पांच-पांच पौधे
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
चंबा। चुराह क्षेत्र में इस साल 418.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल में पौधारोपण करके 419550 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है जिसमें 115300 पौधे सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से रोपे जाएंगे। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने यह बात आज चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत बैरागढ़ में 71वें वन महोत्सव का शुभारंभ करने के बाद कही। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थी वन मित्र योजना के तहत भी चुराह के चार स्कूलों को चिन्हित किया गया है। इन स्कूलों में 4 हेक्टेयर क्षेत्र पर 4400 पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एक बूटा बेटी के नाम अभियान में भी 150 नवजात कन्याओं के नाम पर पांच- पांच पौधे रोपे गए।
यह भी पढ़ेंः- मुख्यमंत्री ने रखा प्रदेश के 41 वनमंडलों में इतने करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य
विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि वनों का ना केवल हमारे पर्यावरण और पारिस्थितिकी संतुलन के साथ अभिन्न रिश्ता है बल्कि मानव जीवन में भी इनकी अमूल्य भूमिका है। उन्होंने कहा कि बैरागढ़ में आयोजित वन महोत्सव के दौरान देवदार, अखरोट और बान के करीब 500 पौधे रोपे गए। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि पौधारोपण अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और बाद में पौधों का संरक्षण भी करें। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक बूथ पालक भी पांच- पांच पौधों को रोपने का प्रण लें और इसे पूरा करना भी सुनिश्चित बनाएं।
