आदर्श हिमाचल ब्यूरो
चंबा। रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान स्थापना मनाली ने जिला चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों खासकर विशेषकर पांगी और भरमौर के अधिक ऊंचाई वाले भाग में हिमस्खलन होने की चेतावनी को देखते हुए लोगों को पूरी एहतियात बरतने की सलाह दी है।
उपायुक्त डीसी राणा ने बताया कि रक्षा भू सूचना विज्ञान अनुसंधान स्थापना मनाली द्वारा यह चेतावनी बुलेटिन 23 नवंबर तक की अवधि के लिए जारी किया है।
लोग मौसम खराब होने के बाद हिमपात होने की सूरत में इस तरह के संवेदनशील इलाकों का रुख कदापि ना करें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में जागरूकता भी काफी हद तक आपदा के नुकसान को न्यूनतम करने में सहायक रहती है।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 23 से 26 नवंबर तक शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 25 को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों के लिए येलो अलर्ट है। मैदानी क्षेत्रों में 23 और 24 नवंबर को मौसम साफ रहने और 25 को बारिश की संभावना है।
रविवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान पांच डिग्री कम हो गया। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। सुबह-शाम पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रविवार को रोहतांग के साथ बारालाचा, कुंजुम दर्रा आदि ऊंची पहाडि़यों पर बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। शीतलहर से लोग घरों में ही दुबके रहे।
रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 23.2, सोलन में 22.0, नाहन में 21.2, बिलासपुर में 21.0, हमीरपुर में 20.8, कांगड़ा में 20.1, मंडी में 19.1, चंबा में 17.8, शिमला में 14.7, धर्मशाला में 13.2, कल्पा में 11.5, मनाली में 11.2, डलहौजी में 9.8 और केलांग में 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग -6.4
कल्पा -2.6
मनाली 0.2
चंबा 3.9
मंडी 4.0
ऊना 4.2
शिमला 5.1
धर्मशाला 6.0