मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को किया 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जारी 

नेशनल हाईवे सुचारू करने को लेकर भी की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से बात 

0
4
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य

विक्रमादित्य सिंह बोले…युद्धस्तर पर किया जा रहा सड़क बहाली का काम, प्रदेश में अगले 12 घंटे में बहाल कर ली जाएंगी 700 सड़कें

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

 

शिमला।  लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को मंडी में विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात की समीक्षा की। सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी उनके साथ रहीं। इस दौरान लोक निर्माण विभाग मंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश में बारिश और बाढ़ के कारण बंद सड़कों की बहाली का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रदेश में मौसम साफ रहने पर अगले 12 घंटे में 700 सड़कें बहाल कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि बारिश और बाढ़ से प्रदेश में 1100 सड़कें अवरुद्ध हुई हैं। अन्य सड़कों को भी खोलने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के सभी अधिकारी, कर्मचारी पूरी मशीनरी के साथ फील्ड में डटे हैं।

 

 

लोक निर्माण विभाग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री  सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आपदा की घड़ी में दिनरात लोगों को राहत पहुंचाने में जुटी है। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट जारी किया है, ताकि फौरी तौर पर रिस्टोरेशन कार्यों को गति दी जा सके।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा से लोक निर्माण विभाग को करीब 13 सौ करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। मंत्री ने बताया कि उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों की बैठक लेकर उनसे नेशनल हाईवे सुचारू करने को कहा है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी बात की है, जिसपर उन्होंने हर संभव सहायता का भरोसा दिया है।

 

यह भी पढ़े:- कुल्लू: राहत शिविरों में पहुंचकर प्रभावितों से मिले मुख्यमंत्री, हरसंभव मदद का दिया आश्वासन

 

प्रधानमंत्री ने भी बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी मांगी – प्रतिभा सिंह

 

सांसद प्रतिभा सिंह
सांसद प्रतिभा सिंह

वहीं, सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तत्परता के साथ लोगों को राहत प्रदान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सारी सरकार मजबूती से बाढ़ प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से प्रदेश की मदद का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी मांगी है, उन्हें इससे अवगत कराया जाएगा, ताकि हिमाचल को पर्याप्त मदद मिल सके।

 

उन्होंने केंद्र सरकार से प्रदेश को तुरंत राहत पैकेज जारी करने की मांग के साथ हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया।  इस दौरान लोक निर्माण विभाग मंत्री और सांसद मंडी के ब्यास सदन और गुरुद्वारे में बनाए राहत शिविरों में रह रहे लोगों से भी मिले और उनका दुख जाना।