मुख्यमंत्री भगवंत मान 29 अगस्त को जालंधर में पंजाब खेल मेले की शुरुआत करेंगे: मीत हेयर

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
चंडीगढ़: पंजाब में खेल सभ्याचार फिर पैदा करने और खेल में खोई हुई शान बहाल करने के लक्ष्य के साथ खेल विभाग द्वारा बनाए गए पंजाब खेल मेले की शुरुआत मुख्यमंत्री भगवंत मान 29 अगस्त को जालंधर में करेंगे। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यान चंद के जन्म-दिन वाले दिन राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर रंगारंग उद्घाटन समारोह के साथ यह खेल मेला शुरू होगा। यह जानकारी पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आज यहाँ पंजाब भवन में बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। इस मौके पर खेल विभाग के प्रमुख सचिव राज कमल चौधरी और डायरैक्टर राजेश धीमान भी उपस्थित थे।
खेल मंत्री मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा राज्य में खेल का माहौल सृजन करने के लिए निरंतर कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले भारतीय खेल दल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पंजाब के पदक विजेता 18 खिलाडिय़ों के लिए नकद ईनाम का भी ऐलान किया गया है। पंजाब के 18 खिलाडिय़ों ने 3 रजत और 4 काँस्य पदक जीते। रजत पदक विजेता को 50 लाख रुपए और काँस्य पदक विजेता को 40 लाख रुपए मिलेंगे।
बरमिंघम राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम में पंजाब के 11 खिलाड़ी कप्तान मनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, अकाशदीप सिंह, गुरजंट सिंह, वरुण कुमार, शमशेर सिंह, हार्दिक सिंह, कृष्ण पाठक, जरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह शामिल थे। रजत पदक जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम में कप्तान हरमनप्रीत कौर और तानिआ भाटिया पंजाब से थीं। महिला हॉकी में गुरजीत कौर ने काँस्य पदक जीता है। वेटलिफ्टिंग में पंजाब के विकास ठाकुर ने रजत और हरजिन्दर कौर, लवप्रीत सिंह और गुरदीप सिंह ने काँस्य पदक जीते।
खेल मंत्री ने आगे बताया कि पंजाब के इस खेल महाकुम्भ में ग्रेडेशन सूची वाली मान्यता प्राप्त खेल में अंडर 14, अंडर 17, अंडर 21, 21-40 साल, 40-50 साल और 50 साल से अधिक उम्र वर्ग में ब्लॉक स्तर से राज्य स्तर तक 4 लाख से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। यह खेल मेला दो महीने तक चलेगा। इस सम्बन्धी हिस्सा लेने के इच्छुक खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं, जो 11 अगस्त से 25 अगस्त तक चलेगी।
खेल मेले में पैरा-स्पोटर वाले खिलाड़ी के लिए भी मुकाबले होंगे। राज्य स्तर के स्वर्ण, रजत और काँस्य पदक विजेताओं को 10 हज़ार रुपए, 7 हज़ार रुपए और 5 हज़ार रुपए और सर्टिफिकेट मिलेंगे। कुल 6 करोड़ रुपए की ईनामी राशि बाँटी जाएगी। सभी विजेता खिलाड़ी राज्य की ग्रेडेशन नीति में कवर होंगे। खेल मेले के दौरान विजेताओं के अलावा अन्य खिलाडिय़ों के भी डोप टैस्ट किए जाएंगे। मीत हेयर ने कहा कि राज्य में खिलाडिय़ों में कौशल और क्षमता की कमी नहीं, ज़रूरत है केवल इसकी पहचान करके निखारने की। इस खेल मेले में पंजाब का हरेक गाँव एवं शहर कवर होगा।
Ads