आदर्श हिमाचल ब्यूरों
नाहन। नाहन विधानसभा क्षेत्र के कटासन माता मंडल में सड़कों की बदहाल स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों लोगों ने माजरा की सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक इतिहास की सबसे निकम्मी सरकार चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार वर्षों के कार्यकाल में जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और उनके मित्र अपने हित साधने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाई-भतीजावाद और मित्रवाद को बढ़ावा मिला है, जबकि आम जनता सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं। कई क्षेत्रों में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिति ऐसी है कि यह तय करना मुश्किल है कि “सड़कों में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।
उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा बनाए जा रहे राष्ट्रीय राजमार्गों और फोरलेन परियोजनाओं की स्थिति बेहतर है, लेकिन प्रदेश सरकार के नियंत्रण वाली सड़कों की मरम्मत और रखरखाव व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। कई स्थानों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
“बिजली आती कम, जाती ज्यादा और बिल चार गुना”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिजली व्यवस्था पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली की समस्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा, “बिजली आती कम है, जाती ज्यादा है और बिल चार गुना आ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि पानी की आपूर्ति व्यवस्था भी कई क्षेत्रों में चरमरा गई है और लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश के अनेक स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। लोगों को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता त्रस्त है और सरकार अपने मित्रों की सेवा में मस्त है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित में चल रहे अनेक संस्थानों को बंद करने का काम किया और अब विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जनता के बीच सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कटासन माता मंडल में हुआ प्रदर्शन केवल एक क्षेत्र की समस्या नहीं है, बल्कि यह प्रदेशभर में जनता के बीच बढ़ते आक्रोश का प्रतीक है। प्रदर्शन में लोगों ने सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ आवाज उठाते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता की सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को उसकी नीतियों और कार्यप्रणाली के लिए जनता के प्रति जवाबदेह बनाना भाजपा का दायित्व है और पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।











