आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । देशभर में पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में 5 वर्ष से कम आयु के लगभग 6.24 लाख बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए प्रदेशभर में कुल 5,793 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं।

राजधानी शिमला में अभियान के अंतर्गत शिमला बायपास स्थित पुलिस चौकी परिसर में पल्स पोलियो बूथ लगाया गया। यहां स्थानीय निवासियों के बच्चों के साथ-साथ बाहर से आए पर्यटकों (टूरिस्टों) के बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाई गई, वहीं अभिभावकों को पोलियो से बचाव और नियमित टीकाकरण के महत्व के बारे में समझाया व जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर मौजूद रहकर अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अभियान का उद्देश्य प्रदेश को पोलियो मुक्त बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो दवा से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलवाएं।











