चम्पावत उप चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा एक-दो दिन में : रावत

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

Ads

 

नैनीताल: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि चम्पावत उपचुनाव में एक-दो दिन के भीतर कांग्रेस हाईकमान मजबूत प्रत्याशी की घोषणा कर देगा। उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव होगा और इसमें हर हाल में कांग्रेस प्रत्याशी की ही जीत होगी। पूर्व मुख्यमंत्री रावत यहां गुरुवार को नगर कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

 

उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने प्रपंच की राजनीति के चलते विजयी हुई। सांप्रदायिकता का उन्माद लोगों के मन में भरकर पार्टी ने मतदाताओं को दिग्भ्रमित किया। लेकिन चुनाव के बाद राज्य की जनता अब समझ चुकी है कि भाजपा नेता केवल बयानबाजी ही कर सकते हैं। इनका विकास से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए चम्पावत उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पुनः पराजित करेगा।

 

क्योंकि यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए एक सीट को चुनने के सवाल पर रावत ने कहा कि उन्हें किस तरह हराया गया, यह बात जगजाहिर है। भविष्य में इस पर भी वह चिंतन करेंगे। फिलहाल उनका लक्ष्य उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी को पुनः एकजुट एवं संगठित करने का है। उन्होंने कहा कि बिंदुखत्ता समेत तमाम वन क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों को मालिकाना हक देने के मुद्दे पर वह अपनी बेटी विधायक हरिद्वार ग्रामीण अनुपमा रावत से विधानसभा में मामला उठवाएंगे।