सरकार के गलत निर्णयों से प्रदेश में बढ़ा कोरोना वायरस – कुलदीप सिंह राठौर

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला।  कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना मामलों पर सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उनके गलत निर्णयों की वजह से प्रदेश में यह संक्रमण दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। उनका कहना है कि जब सरकार को कोविड-19 के सभी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करना था, उस समय नहीं किया गया।

राठौर ने मुख्यमंत्री के लॉकडाउन को लेकर जनता से मांगे गए सुझावों पर कहा कि अगर प्रदेश में बाहर से आने वाले सभी लोगों की सीमाओं पर सही ढंग से कोविड जांच होती, तो प्रदेश संक्रमण से बचा रहता। प्रदेश में बढ़ते संक्रमण के लिए सरकार पूरी तरह दोषी है। उनका कहना है कि समय पर सही ढंग से सीमाओं पर टेस्टिंग सुविधा उपलब्ध न होने के कारण प्रदेश में कोरोना वायरस फैला है।
 इसका दूसरा मुख्य कारण संस्थागत या होम क्वारंटाइन को भी हल्के से लिया गया। सरकार ने इस ओर कोई पुख्ता ध्यान नहीं दिया। कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में लॉकडाउन की स्थिति में पहले आम व प्रभावित लोगों को किसी आर्थिक राहत की घोषणा की जानी चाहिए, जिससे लोगों की चिंता दूर हो सके।
Ads