उपायुक्त अपूर्व देवगन ने किया शुभारंभ, 32 प्रवक्ताओं को दी जा रही तीन दिवसीय ट्रेनिंग

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरो, मंडी

 

जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत फील्ड ट्रेनर्स के दूसरे चरण का प्रशिक्षण डीआरडीए हॉल के सम्मेलन कक्ष में शुरू हो गया है। प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने किया।

 

तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 32 स्कूल प्रवक्ताओं को, जिन्हें फील्ड ट्रेनर के रूप में नियुक्त किया गया है, तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इससे पहले पहले चरण में भी 32 प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

 

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर भविष्य की योजनाएं और नीतियां निर्धारित होती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का आह्वान किया और कहा कि वे तहसील स्तर पर भी प्रभावी प्रशिक्षण सुनिश्चित करें, ताकि कार्य सटीक एवं समयबद्ध ढंग से पूरा हो सके।

 

यह प्रशिक्षण संयुक्त निदेशक एवं नेशनल ट्रेनर आशीष चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है, जबकि मास्टर ट्रेनर सुशीला और लतेश्वरी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं।प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर आगे मंडी जिले के सभी 41 चार्ज (ग्रामीण एवं शहरी) में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।

 

 

आशीष चौहान ने बताया कि जनगणना के आंकड़े सरकार को विकास योजनाओं के लिए सटीक आधार प्रदान करते हैं। सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सेवाओं की बेहतर योजना इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्रित सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहती है और इसका उपयोग केवल नीति निर्माण के लिए किया जाता है।

 

जनगणना-2027 के तहत 1 से 15 जून तक स्व-गणना (Self Enumeration) और 16 जून से 15 जुलाई तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मोबाइल एप के उपयोग, डेटा सत्यापन, रोल-प्ले और संवाद कौशल का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

 

इस अवसर पर हिमांशु यादव (डीसीओ एवं नोडल अधिकारी) सहित अन्य अधिकारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।#Census2027 #Mandi #HimachalNews #TrainingProgram #FieldTrainers #GovernmentOfIndia #Development #BreakingNews #AdarshHimachal #जनगणना2027 #मंडी