हिमाचल प्रदेश में ‘समर्थ 2025’ के तहत आपदा जागरूकता अभियान शुरू

0
117

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। हिमाचल प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण के तहत ‘समर्थ 2025’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को भूकंप, भूस्खलन, बाढ़, आगजनी आदि आपदाओं से बचाव और तैयारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस दौरान हिम आधार कला मंच नालदेहरा, पूजा कला मंच शगीन, शिव कल्चरल ट्रूप हलोग धामी, सुरधानी कला केन्द्र टूटू, जय देव कुर्गण कला मंच मढोड घाट, त्रिमूर्ति रंग मंच तारा देवी, दि बिगर्नस नव बहार शिमला, वंदना कला रंग मंच शगीन, भगवती सांस्कृतिक मण्डल चौपाल, स्वर साधना कला संस्था पधोग शिमला, शिव रंजनी सांस्कृतिक दल बलग और जयश्वरी लोक नृत्य कला मंच ठियोग के कलाकारों द्वारा विभिन्न बाजारों, बस स्टैंडों एवं स्कूलों में नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन कर स्थानीय लोगों को आपदा प्रबंधन की जानकारी दी गई।

इसी तरह कलाकारों ने बताया कि आपदा के समय परिवार को कई दिनों तक मूलभूत आवश्यकताओं से वंचित रहना पड़ सकता है। इसलिए परिवार की आपदा आपूर्ति किट बनाकर रखना आवश्यक है, जिसमें 72 घंटे के लिए पानी, प्राथमिक उपचार किट, टॉर्च, सीटी, दवाइयां, शुष्क खाद्य पदार्थ आदि शामिल होने चाहिए। इस कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मड़ावग, शोघी, चाखटी, टूटू, खड़ा पत्थर, जलोग, जुब्बल सहित अन्य संस्थाओं के प्रधानाचार्य, पटवारी और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यह अभियान प्रदेशवासियों को आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सुरक्षा के प्रति सजग करने में अहम भूमिका निभा रहा है।